Loading...
अभी-अभी:

ग्वालियरः नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म के आरोप में जैन बाबा गिरफ्तार

image

Apr 29, 2019

धर्मेन्द्र शर्मा- ग्वालियर के कांच मिल स्थित श्री वैष्णव वृद्धाश्रम एवं शांतिनिकेतन में पिछले सप्ताह उजागर हुए बलात्कार कांड के बाद पुलिस ने वृद्ध आश्रम में रहने वाले जैन बाबा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं अब जिला प्रशासन इस आश्रम पर बड़ी कार्रवाई करने जा रहा है, जिसमें संचालक के खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज करवाए जाने का प्रयास है।

दरअसल कांच मिल स्थित वृद्ध आश्रम और शांतिनिकेतन ऊपर नीचे बने हुए हैं। नीचे वृद्ध आश्रम है तो ऊपर यतीम और लावारिस हालत में मिली नाबालिग लड़कियों को रखा जाता है। वृद्ध आश्रम में रहने वाले जैन बाबा विमल चंद्र ने एक मंदबुद्धि नाबालिग लड़की के साथ करीब डेढ़ साल तक दुष्कर्म किया। इस लड़की को बालिग होने पर माधव बाल निकेतन भेजा गया। तब लड़की ने अपने साथ हुई घटना से काउंसलर को अवगत कराया। काउंसलर की कोशिश के बाद लड़की के साथ दुष्कर्म करने वाले विमल चंद जैन को हजीरा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और उसे शनिवार को केंद्रीय कारागार भेज दिया गया। उसके खिलाफ दुष्कर्म और पास्को एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

जिला प्रशासन ने आश्रम की निरंतर मॉनिटरिंग करने के दिए निर्देश

खास बात यह है कि इसी आश्रम में 3 साल पहले मुरैना की एक लड़की की उसी के पिता और भाई ने चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी थी। जिला प्रशासन ने अब इस आश्रम के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करने का मन बनाया है। इस आश्रम को मस्तराम बाबा नामक व्यक्ति चलाते हैं। सरकार की मदद और एनजीओ के सहयोग से चलने वाले इस आश्रम में लड़कियों के साथ हुए दुर्व्यवहार को देखते हुए जिला प्रशासन ने आश्रम की निरंतर मॉनिटरिंग करने के निर्देश मैदानी अमले को दिए हैं। अफसरों को भी रोजाना निरीक्षण के निर्देश दिये हैं।

जिला प्रशासन का कहना है कि आश्रम में होने वाली इन अनैतिक गतिविधियों के चलते अब अलग से जिला प्रशासन के महिला बाल विकास और सामाजिक कल्याण विभाग की मदद से निरंतर मॉनिटरिंग की जाएगी और अफसरों की ड्यूटी निरीक्षण के लिए लगाई जाएगी। इसके अलावा जिस तरह स्नेहालय को प्रशासन ने अपनी देखरेख में लिया है, ठीक उसी तरह शांति निकेतन आश्रम को भी प्रशासन अपनी देखरेख में जल्द ही लेगा और आश्रम संचालक के खिलाफ कार्यवाही भी कराएगा।