Apr 22, 2020
कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ाई में पूरा देश एक-दूसरे के साथ खड़ा है। भारतीय जनता पार्टी की नेता और पहलवान बबीता फोगट भी लोगों की मदद कर रही हैं। इसी क्रम उन्होंने मंगलवार को नजफगढ़ पुलिस स्टेशन का दौरा किया और कोरोनोवायरस के खिलाफ लड़ाई में उनके योगदान के लिए महिला पुलिसकर्मियों की सराहना की। फोगट ने उन महिला पुलिसकर्मियों के प्रयासों की प्रशंसा की, जो अपनी ड्यूटी करने के बाद मास्क बनाने में व्यस्त थीं।
बबिता फोगोट ने पुलिस थाने में महिला पुलिसकर्मियों के साथ मिलकर खाना बनाने में और जरूरतमंद लोगों में बांटने में उनका सहयोग भी किया। बबिता ने ट्वीटर पर पुलिसकर्मियों की तारीफ करते हुए कहा कि गर्मी में भी जिस उत्साह के साथ महिला पुलिसकर्मी दिन-रात जरूरतमंदों की सेवा में जुटी हैं। मेरे पास इन बहनों का धन्यवाद करने के लिए शब्द नहीं हैं। बहनों को सेल्यूट करती हूं।पुलिस आयुक्त शालिनी सिंह ने बताया कि बबीता फोगट का पुलिस स्टेशन में दौरा से कर्मचारियों को प्रेरणा मिली है। उन्होंने बताया कि इस दौरान बबीता ने प्रोटोकाल के तहत महिला कर्मचारियों को जागरूक किया।
बता दें कि अभी हाल में ही बबीता फोगाट ने दिल्ली में कोरोना के बढ़ते मामले को लेकर जमातियों पर विवादित टिप्पणी की थी। उन्होंने दिल्ली समेत पूरे देश में कोरोना के बढ़ते मामलों के लिए जमातियों को जिम्मेदार ठहराया था। विवादित ट्वीट के बाद उन्हें आलोचना का भी सामना करना पड़ा था। इसके बाद बबीता के समर्थन में कई बड़ी हस्तियां भी उतर गई। जबकि दंगल गर्ल ने कहा कि उन्होंने जमातियों पर सही ट्वीट किया था। बबीता ने साल 2014 के कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड मेडल जीता था। फोगाट बहनों पर फिल्म दंगल भी बन चुकी है। बबीता भाजपा में शामिल हो चुकी हैं और वह हरियाणा विधानसभा चुनाव में चरखी दादरी से चुनाव भी लड़ चुकी हैं।