Jun 27, 2017
रायपुर। आपातकाल के दौरान जेल में बंद मीसाबंदियों का आज सम्मान किया गया, राज्यपाल बलरामदास टंडन, मुख्यमंत्री डाॅ.रमन सिंह, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रभात झा समेत कई आला नेता मौजूद थे। मुख्य वक्ता प्रभात झा ने कहा कि उन 1 लाख 53 हजार लोगों को प्रणाम करता हूं जो बिना अपराध जेल में रहे। उन्होंने कहा कि देश जानना चाहता कि संविधान की रक्षा का शपथ लेने वालों ने देश की पीठ पर क्यों छुरा भोंका? क्यों जेल में डाल गया लोगों को?
उन्होंने कहा कि उस समय अखबार की संपादकीय भी सरकार देखती थी। किसी ने नहीं बताया ऐसा क्यों हुआ कि सारे तंत्र पर कब्जा था। 45 साल बाद भी देश को नहीं बताया जा रहा। आज उनकी क्या दशा है। हाय लगी इसलिए कांग्रेस की दुर्दशा हो गई। लाखों नौजवानों को असामाजिक गतिविधि के नाम पर जेल भेजा। देश को बताया जाए कि क्यों ऐसा क्यों किया लोकतंत्र बचाने के लिए लोगों ने प्रयास किया था। प्रभात झा ने कहा कि जबरन नसबंदी कर दी जो अविवाहित थे, वो जवाब मांगते हैं। लाखों परिवार संकट में आ गए, कौन जवाबदार है। कांग्रेस बताए क्यों चाइना वॉर जैसी राष्ट्रीय विपत्ति के समय RSS को क्यों याद किया जाता था। जिसे साम्प्रदायिक कहते हैं। सबको इसका अध्ययन करना चाहिए। ये राजनीति नहीं समाज का विषय है। ये राष्ट्रीय विचारधारा की प्रेरणा देता है। जो आजादी दिलाने का दावा करते थे वहीं आजादी छीनने में लगे थे।
सीएम डॉ. रमन सिंह ने कहा कि आपातकाल के लिए देश मे कोई परिस्थिति नहीं थी। सिर्फ सत्ता और कुर्सी बचाने के लिए लगाया, वो कारण नहीं था जो बाद में बताया गया। मुख्यमंत्री डॉ.रमन सिंह ने मीसाबंदियों को सुविधाएं बढ़ाने पर विचार करने का आश्वासन दिया है। राज्यपाल बलराम दास टंडन ने कहा कि कानून में इमरजेंसी का प्रावधान तो है पर ऐसी कोई स्थिति नहीं थी, सिर्फ इंदिरा गांधी के खिलाफ फैसला आया था इस वजह से उन्होंने ऐसा किया। इस देश में बच्चा भी लोकतंत्र की भावनाओं के साथ पैदा होता है। यहां जिस व्यक्ति ने ऐसा किया उन्हें देश ने जवाब भी दिया। ज्यादातर प्रदेशों में कांग्रेस सारी सीटें हार गई।








