Oct 16, 2018
सुशील सलाम : रविवार को बेमेतरा के जिला अस्पताल की महिला डॉक्टर अनामिका मिंज को कोरिया जिले में पदस्थ महिला डीएसपी लितेश सिंह ने तमाचा जड़ दिया था। घटना के विरोध में कांकेर जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने काली पट्टी बांधकर मरीजों का इलाज किया। महिला डाॅक्टर के साथ हुए मारपीट को लेकर कांकेर के डॉक्टरों ने विरोध किया है। सोमवार और मंगलवार को जिला अस्पताल में पदस्थ डॉक्टरों ने महिला डीएसपी लितेश सिंह की गिरफ्तारी व निलंबित करने की मांग को लेकर काली पट्टी बांधकर विरोध किया है।
छत्तीसगढ़ राज्य चिकित्सा अधिकारी संघ के जिला अध्यक्ष डॉक्टर डीबी नाग ने बताया कि बेमेतरा जिला अस्पताल में पदस्थ अनामिका मिंज ड्यूटी पर थी। इस दौरान महिला डीएसपी ने मारपीट कर दी। इससे साफ है कि महिला डीएसपी अपने पद का दुरुपयोग कर रही है। सोमवार को भी जिला अस्पताल के डाॅक्टरों ने काली पट्टी बांधकर विरोध किया था। और यह विरोध मंगलवार को भी जारी रहा।
असल में, डीएसपी लितेश सिंह बेमेतरा की रहने वाली हैं। रविवार की सुबह 9.30 बजे वह अपने पिता का इलाज कराने जिला अस्पताल गई हुई थी। जहां महिला डीएसपी डॉक्टर की कुर्सी पर बैठ गई। इसे लेकर महिला डॉक्टर व डीएसपी के बीच कहासुनी हो गई। महिला डॉक्टर के मुताबिक इस दौरान डीएसपी ने उन्हें तमाचा जड़ दिया। इससे आहत होकर वे थाने में रिपोर्ट दर्ज करा दी। बता दें कि महिला डीएसपी लितेश सिंह 2016 बैच की डीएसपी हैं। वर्तमान में कोरिया जिला में पदस्थ हैं।