Loading...
अभी-अभी:

दंतेवाड़ा धाम यात्रा आज बालोद से करेगी प्रस्थान, बड़ी संख्या में जुटेंगे संस्था के सैनिक

image

Apr 10, 2023

दंतेवाड़ा। श्री मांझी अंतरराष्ट्रीय समाजवाद आदिवासी किसान सैनिक संस्था द्वारा प्रतिवर्ष बालोद जिले के ग्राम बघमार से दंतेवाड़ा धाम यात्रा निकाली जाती है। क्रांतिवीर कंगला मांझी सरकार पर माता की विशेष कृपा रही है। माता के प्रति आभार व्यक्त करने हेतु ही दंतेवाड़ा धाम यात्रा का आयोजन किया जाता है। पांच दिवसीय धाम यात्रा सोमवार को बालोद जिले से प्रारंभ होगी। जिसमें हजारों की संख्या में समाज के सैनिक, समस्त प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आदिवासी शामिल होंगे।  बता दें कि श्री मांझी अंतरराष्ट्रीय समाजवाद आदिवासी किसान सैनिक संस्था द्वारा प्रति वर्ष दंतेवाड़ा धाम यात्रा का आयोजन किया जाता है। संस्था के सचिव आरएस उइके ने जानकारी देते बताया कि 10 अप्रैल को सुबह 8 बजे बालोद से यह भव्य ऐतिहासिक यात्रा प्रस्थान करेगी। सोमवार को यह ऐतिहासिक धाम यात्रा दंतेवाड़ा पहुंचेगी। इसके बाद दंतेवाड़ा से बारसूर की ओर रवाना होगी जहां समस्त मंदिरों के दर्शन किए जायेंगे। दर्शन पश्चात दंतेवाड़ा में रात्रि विश्राम होगा। फिर मंगलवार को सुबह दंतेवाड़ा मंदिर परिसर में माता को सलामी देकर उनके दर्शन किए जायेंगे। उन्होंने बताया कि इस यात्रा में बड़ी संख्या में संस्था और आदिवासी समाज के सैनिक शामिल होंगे। साथ ही संस्था के अध्यक्ष राजमाता श्रीमति फुलवा देवी कांगे व संस्था के उपाध्यक्ष के.डी कांगे भी इस यात्रा में शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि करीब बीस बसों और पचास से अधिक चार पहिया वाहनों के साथ लोग इस यात्रा में शामिल होंगे। दंतेवाड़ा दर्शन के बाद दंतेवाड़ा धाम यात्रा वापस बालोद को प्रस्थान करेगी। बुधवार को जगदलपुर चित्रकूट से होते हुए बहीगाव जिला कोंडागांव में यात्रा का पड़ाव होगा। इसके बाद डोंगरगढ़ दर्शन करते हुए गुरुवार को ग्राम बघमार (मांझिधाम) वापसी की जाएगी। इस यात्रा में सम्मिलित होने संस्था ने सैनिकों से आह्वाहन किया है कि सभी अपनी खाकी वर्दी में इस यात्रा में सम्मिलित हों और अपने साथ श्वेत धोती अवश्य लेकर आयें।