Jun 17, 2021
छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की सरकार के 17 जून को ढाई साल पूरे हो जाएंगे। राज्य में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद चर्चा थी कि ढाई-ढाई साल के लिए मुख्यमंत्री तय किया गया है। अब ढाई साल पूरे होने को है। भाजपा एक बार फिर मुख्यमंत्री के पद का मुद्दा उठा रही है, लेकिन कांग्रेस आलाकमान ने साफ संकेत दे दिया है कि मुख्यमंत्री के पद में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा। मुख्यमंत्री के करीबी नेताओं ने साफ किया कि कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी ने भूपेश बघेल को हरी झंडी दे दी है।
भारतीय जनता पार्टी ने भूपेश सरकार जवाब दो, ढाई साल का हिसाब दो, स्लोगन के साथ प्रेसवार्ता कर भूपेश सरकार की नाकामियां गिनाई। प्रेस वार्ता में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय, भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, रामविचार नेताम, नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, पूर्व मंत्री व विधायक अजय चंद्राकर, बृजमोहन अग्रवाल, पुन्नूलाल मोहले व पूर्व सांसद विक्रम उसेंडी, राजेश मूणत में मौजूद रहें।
बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष विष्णुदेव साय ने कहा - छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार कार्यकाल के आधा समय बीत चुका है, भरोसे का बड़ा संकट, सरकार की विफलता की वजह से लोकतंत्र शर्मिंदा है। शराबबंदी, रोजगार का वादा समेत सभी मोर्चे पर विफल रहा। कांग्रेस का घोषणा पत्र धोखाधड़ी व विश्वासघात का जीवंत उदाहरण है। उन्होंने कहाकांग्रेस पार्टी को लेकर जनता में भारी आक्रोश हैं। वहीं सरकार के खिलाफ मिले फीडबैक से बीजेपी के कार्यकर्ता उत्साहित है।
डॉ. रमन सिंह ने कहा - ढाई साल में कांग्रेस सरकार ने कोई विकास के काम नहीं किये। बेरोजगारी भत्ता, सरकारी नौकरी में भर्ती नहीं कर पाए। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष हमारी बातों का जवाब देने के बजाय उल्टा भाजपा से प्रश्न पूछ रहें हैं।