Jul 8, 2022
एनडीए की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू रायपुर आने वाली हैं। 15 जुलाई को उनका रायपुर में कार्यक्रम तय है। मुर्मू का यह पहला छत्तीसगढ़ दौरा है। इसे लेकर भारतीय जनता पार्टी तैयारियों में लगी हैं। बीजेपी के प्रदेश कार्यालय में इसे लेकर एक बैठक हुई। इस बैठक में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णु देव साय, पूर्व सीएम डॉ रमन सिंह और नेता प्रतिपक्ष धरम लाल कौशिक समेत तमाम नेता मौजूद थे। डॉ रमन सिंह ने बताया कि बैठक में द्रौपदी मुर्मू के स्वागत, सम्मान बैठक को लेकर चर्चा की गई। एनडीए और उसके सहयोगी दलों ने आदिवासी महिला को प्रत्याशी बनाया है। आजादी के बाद पहली बार ऐसा हुआ है जब आदिवासी समाज से कोई राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार है। छत्तीसगढ़ तो आबादी के लिहाज से 32 प्रतिशत आदिवासी प्रदेश है। यहां मुर्मू जी को जन समर्थन मिल रहा है।
बता दें द्रौपदी मुर्मू 15 जुलाई की सुबह 11 बजे छत्तीसगढ़ के सांसदों और विधायकों के साथ बैठक करेंगी। इस दौरान वे अपने लिए वोट की अपील करेंगी। मुर्मू छत्तीसगढ़ के बाद मध्य प्रदेश जाएंगी। राष्ट्रपति पद के लिए 18 जुलाई को मतदान प्रस्तावित है। इससे पहले इस पद के दोनों उम्मीदवार मुर्मू व यशवंत सिन्हा सभी राज्यों का दौरा कर वोट की अपील कर रहे हैं। विपक्षी पार्टियों की तरफ से उम्मीदवार यशवंत सिन्हा पिछले सप्ताह रायपुर आए थे।








