Nov 3, 2019
टुकेश्वर लोधी : आरंग के समोदा भाजपा मंडल अध्यक्ष के लिए शनिवार को हुए चुनाव में जमकर हंगामा हुआ। मंडल अध्यक्ष चुनाव हेतु श्रीमति चंद्रकांति वर्मा, श्याम लाल वर्मा और सह चुनाव प्रभारी महेश नायक आज दोपहर समोदा पहुंचे हुए थे। लगभग 2 घंटे तक उपस्थित सैकड़ों कार्यकर्ताओं से रायशुमारी के बाद समोदा मंडल के निवर्तमान महामंत्री लखन लाल साहू को मंडल अध्यक्ष घोषित किया गया।
कार्यकर्ताओं ने किया हंगामा
जैसे ही लखन लाल साहू के नाम का ऐलान निर्वाचन पदाधिकारियों द्वारा किया गया, वैसे ही कार्यकर्ताओं ने हंगामा बरपाना शुरू कर दिया। हंगामा कर रहे कार्यकर्ताओं का कहना था कि अधिकांश कार्यकर्ताओं की आपत्ति के बाद भी लखन साहू को अध्यक्ष चुनकर कार्यकर्ताओं की भावनाओं को ठेस पहुंचाया गया है।
लखन साहू की कार्यशैली पर उठाया सवाल
कार्यकर्ताओं ने लखन साहू की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए मंडल महामंत्री रहते हुए निजी आर्थिक लाभ अर्जित करने का भी आरोप लगाते हुए उनके विरुद्ध कई अन्य नकारात्मक टिप्पणियां की, लेकिन इसके बाद भी निर्वाचन पदाधिकारी अपने फैसले पर अडिग रहे। इसके बाद नाराज कार्यकर्ताओं ने रविवार को रायपुर स्थित पार्टी मुख्यालय में प्रदेश संगठन मंत्री पवन साय से मिलकर लखन साहू की नियुक्ति निरस्त नहीं करने की स्थिति में पार्टी छोड़ने की चेतावनी दी है।