Jun 27, 2017
संगीतकार आरडी बर्मन का आज जन्मदिन है। आरडी को सब प्यार से पंचम दा भी कहते थे। 27 जून 1939 को कलकत्ता में जन्में पंचम दा महज 54 साल की उम्र में हम सबको छोड़ कर चले गए। लेकिन, इस बात से शायद ही कोई इनकार करे कि आज की पीढ़ी भी उनके ताल पर गाहे-बगाहे नाच ही उठती है। बहरहाल, आइये जानते हैं संगीत के इस जादूगर के बारे में कुछ दिलचस्प बातें।
आमतौर पर मुंबई फ़िल्म इंडस्ट्री कभी थमती नहीं है। काम और बस काम यही है इसकी पहचान! पर एक बार हुआ यह कि फ़िल्म यूनियन वालों का कुछ पंगा हुआ और इंडस्ट्री में स्ट्राइक घोषित कर दी गयी। सारे काम ठप्प हो गए। लेकिन, जिसे काम करने की आदत हो वो अपने इस आदत से स्ट्राइक तो नहीं ले सकता न? आरडी बर्मन बचपन से संगीत के दीवाने रहे हैं। बहरहाल, उन्हें एक गीत के लिए धुन बनाना था। स्ट्राइक की वजह से सभी स्टूडियो बंद थे। बालकनी में बैठे आरडी सोच रहे थे कि आखिर क्या किया जाए? तभी मुंबई की बारिश ने जैसे उन्हें पुकारा हो। आरडी का दिमाग चौंका और उन्होंने उसी क्षण बारिश की बूंदों को रिकॉर्ड किया और फिर उसी लय पर, उन ध्वनियों को रखते हुए उन्होंने एक गाना तैयार कर लिया। वाकई, म्युज़िक के लिए ऐसा पैशन हो तभी कोई आरडी बन सकता है।







