Feb 6, 2021
मनोरंजन जगत। पॉप सिंगर रिहाना के एक ट्वीट के बाद पूरे भारत में बवाल मच गया। बॉलीवुड इंडस्ट्री जो अब तक चुप बैठी थी रिहाना के ट्वीट के बाद बोलने लगी। कई बड़े-बड़े सेलेब्स ने ट्वीट किया और कहा कि यह देश का मामला है इसे वह हल कर लेंगे। अब इसी बीच कुछ सेलेब्स ऐसे भी रहे जिन्होंने रिहाना के ट्वीट का समर्थन किया। इसी लिस्ट में शामिल हुईं हैं स्वरा भास्कर। उन्होंने इस मुद्दे पर अपनी राय रखी है। हाल ही में उन्होंने खुलकर रिहाना का सपोर्ट किया है, और उन तमाम सेलेब्स पर निशाना साधा है जो इसे एक आंतरिक मामला बता रहे हैं। वैसे केवल स्वरा ही नहीं बल्कि एक्ट्रेस गौहर खान ने भी बीते दिनों यही सवाल उठाया था।
जब जॉर्ज फ्लॉयड मरे थे, उस समय हमारे सेलेब्स भी ब्लैक लाइव मैटर ट्रेंड कर रहे थे..
उन्होंने कहा था, 'रिहाना के ट्वीट पर बवाल है, लेकिन जब जॉर्ज फ्लॉयड के मरने पर इंडियन सेलेब्स ने कमेंट किया था, तब कोई फर्क नहीं पड़ा।' अब इसी क्रम में एक वेबसाइट को दिए इंटरव्यू में स्वरा ने कहा है- 'हम इतने स्वार्थी नहीं हो सकते हैं। याद कीजिए जब जॉर्ज फ्लॉयड मरे थे, उस समय हमारे सेलेब्स भी ब्लैक लाइव मैटर ट्रेंड कर रहे थे और लगातार उस पर ट्वीट कर रहे थे।' इसके अलावा स्वरा को यह भी लगता है कि हर मुद्दे को आंतरिक बताकर हम सिर्फ पूरी दुनिया से खुद को काटने का काम कर रहे हैं।
स्वरा भास्कर ने हमेशा किसानों को दिया सपोर्ट
उन्होंने कहा, 'हमे पहले समझना पड़ेगा कि आंतरिक मामला क्या होता है। कही पर अगर अत्याचार हो रहा है तो क्या इसे आंतरिक मामला बता दिया जाएगा। अगर ऐसे ही होने लगा तो हमे फिर किसी दूसरे मुद्दे पर चर्चा नहीं करनी चाहिए, सिर्फ अपने देश तक ही सीमित रहना चाहिए। सिर्फ राजधानी, मोहल्ला की बात करनी चाहिए।' इसी के साथ उन्होंने यह सवाल उठाया है कि, 'जब सरकार म्यांमार में हुए तख्तापलट पर अपने विचार रखती है तो क्या वो किसी के आंतरिक मामलों के बारे में सोचती है।' वैसे स्वरा एक ऐसी अदाकारा हैं जिन्होंने हमेशा से किसान आंदोलन का केवल समर्थन किया है।