Jan 28, 2021
कांग्रेस नेता और पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह का दावा है कि दिल्ली में 26 जनवरी को हिंसा के दौरान किसान की मौत ट्रैक्टर पलटने से नहीं बल्कि गोली लगने से मौत हुई है। आगर आए दिग्विजय सिंह ने कहा गोली लगेगी तो ट्रैक्टर तो पलटेगा ही।
गोली लगेगी तो ट्रैक्टर पलटेगा ही : दिग्विजय सिंह
दिग्विजय सिंह ने कहा कि मीडिया ने ही बताया है कि किसान के सिर में गोली लगी थी और मेरे कार्यकर्ताओं के माध्यम से भी मुझे यही जानकारी मिली है। पत्रकारों से चर्चा के दौरान दिग्विजय सिंह से पूछा गया था कि एक वीडियो वायरल हुआ है जिसमें किसान की मौत ट्रैक्टर पलटने से होना बताया जा रहा है। इस पर दिग्विजय सिंह ने कहा गोली लगेगी तो ट्रैक्टर पलटेगा ही सही। अगर गोली से मौत नहीं हुई है तो किसान की मौत की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट सरकार को जारी करना चाहिए। उन्होंने कहा जिन लोगों ने लाल किले पर हुडदंग किया सरकार उन उपद्रवियों को पकड़ती क्यों नहीं है। दीप सिंद्दु जिसने लाल किले पर जाकर हंगामा किया वो भाजपा का खास कार्यकर्ता है। उसे पुलिस क्यों नहीं पकड़ रही।
पुलिस ने गोली मारी, किसानों ने खाना खिलाया
दिग्विजय सिंह ने पुलिस पर आरोप लगाते हुए स्पष्ट कहा कि पुलिस ने ही एक व्यक्ति को गोली मारी जिसकी जरूरत नहीं थी। सिंह ने कहा जिन पुलिस वालों ने किसानों पर डंडे बरसाए, जिन्होंने पानी की बौछार फेंकी उन्हीं को किसानों ने अपने लंगर में खाना खिलाया है। उन्होंने इस उपद्रव के लिए पूरी तरह पुलिस और प्रशासन को ज़िम्मेदार ठहराया। दिग्विजय सिंह के अनुसार तय रास्तों पर पुलिस ने बैरिकेड्स लगा दिए थे। ये पूरी तरह भाजपा की चाल है।
पुलिस बयान
इस मामले में एडीजी बरेली अविनाश चंद्रा ने किसान की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बारे में बयान जारी किया है। उसमें किसान की मौत का कारण गोली नहीं, बल्कि ट्रैक्टर पलटने के कारण आई चोट बतायी गयी है।