May 27, 2021
सिद्धार्थनगर जिले में चल रहे कोविड वैक्सीनेशन के दौरान स्वास्थ्यकर्मियों की बड़ी लापरवाही का खुलासा हुआ है| कुछ लोगों को पहली डोज कोविशील्ड की और दूसरी डोज कोवैक्सीन की लगा दी गई है|
रश्क गौरी : सिद्धार्थनगर जिले में चल रहे कोविड वैक्सीनेशन के दौरान स्वास्थ्यकर्मियों की बड़ी लापरवाही का खुलासा हुआ है| कुछ लोगों को पहली डोज कोविशील्ड की और दूसरी डोज कोवैक्सीन की लगा दी गई है| जिसके चलते वैक्सीन लगवा चुके लोग भयभीत है| इस बात की जानकारी होते ही विभाग में हड़कंप मच गया| सब एक दूसरे पर इस गलती का आरोप लगाने लगे| वहीं इस बात की जानकारी जब वैक्सीन लगवा चुके लोगों को हुई तो वह भी भयभीत हो गए| हालांकि कॉकटेल वैक्सीन लगने के बाद भी किसी को कोई स्वास्थ्य संबंधित समस्या नहीं हुई है| लेकिन सभी लोग डरे सहमे हुए हैं|
पूरा मामला जिले के बढ़नी प्राथमिक स्वास्थ्य क्षेत्र का है, जहां औदही कलां गांव और एक अन्य गांव में लगभग 20 लोगों को वैक्सीन की पहली डोज कोविशिल्ड की लगाई गई, लेकिन 14 मई को दूसरी डोज लगाते समय स्वास्थ्यकर्मियों ने भारी लापरवाही बरतते हुए कोवैक्सीन की लगा दी|
वहीं विभागीय लापरवाही के इस मामले को लेकर जब हमने सीएमओ संदीप चौधरी से बात की तो उन्होंने स्वीकार किया कि लगभग 20 लोगों को स्वास्थ्यकर्मियों ने लापरवाही बरतते हुए कॉकटेल वैक्सीन लगा दी है| हमारी टीम इन सभी लोगों पर नजर बनाए हुए है| अभी तक किसी व्यक्ति में कोई समस्या नहीं देखने को नहीं मिली है| इस गंभीर लापरवाही के लिए हमने जांच टीम बना दी है| जिसकी रिपोर्ट आते ही जो भी दोषी कर्मचारी होंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाएगी|