Loading...
अभी-अभी:

इंदौर के 130 निजी अस्पतालों में हड़ताल, नए मरीज नहीं हो रहे भर्ती

image

Sep 28, 2016

इंदौर। शहर के 130 निजी अस्पताल आज से कामबंद हड़ताल पर चले गए। शहर के अधिकतर निजी अस्पतालों ने ओपीडी बंद कर दी है। किसी भी नए मरीज को अस्पताल में भर्ती नहीं किया जा रहा है। जिसके चलते इलाज के लिए आने वाले मरीजों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। 

दरअसल, शहर के केयरवेल अस्पताल में 5 सितंबर की रात ऑक्सीजन कंप्रेसर ब्लास्ट हुआ था। जिसमें 5 मरीज गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इस मामले में अस्पताल प्रशासन की लापरवाही सामने आने के बाद अस्पताल को सील करा दिया गया था। जिसको लेकर कई दिनों से शहर के निजी अस्पताल विरोध कर रहे हैं। उन्होंने पहले भी हड़ताल पर जाने की बात कही थी। लेकिन जब स्वास्थ्य विभाग की तरफ से कोई कार्रवाई नहीं की गई तो शहर के 130 अस्पतालों ने कामबंद करने की घोषणा कर दी।

इस मामले के विरोध में आज नर्सिंग एसोसिएशन ने प्रदर्शन रैली निकालकर संभागायुक्त से मुलाकात की। एसोसिएशन ने संभागायुक्त से तत्काल अस्पताल खोलने की मांग की है। संभागायुक्त ने पूरे मामले की जांच करने का आश्वासन दिया है। लेकिन एसोसिएशन का कहना है कि जब तक केयरवेल अस्पताल खोलने का आदेश नहीं दिया जाएगा, तब तक सभी निजी अस्पताल हड़ताल पर रहेंगे।