Jun 14, 2021
राजधानी भोपाल में तीन सिपाहियों ने मिलकर एक एडिशनल एसपी के साथ जमकर मारपीट की। घटना गुरुवार देररात की बताई जा रही है। टीटी नगर थाने में एडिशनल एसपी की शिकायत पर केस दर्ज किया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार एडिशनल एसपी बीएम शाक्य अपने परिवार के साथ रेडियो कॉलोनी में परिवार के साथ रहते है। वह एडिशनल एसपी डायल 100 मुख्यालय के वर्क शॉप शाखा में पदस्थ है। गुरुवार देर रात शाक्य न्यू मार्केट की तरफ से अपनी बोलेरो गाड़ी से रेडियो कॉलोनी स्थित सरकारी आवास पर लौट रहे थे। रात 11.30 बजे से 12 बजे के बीच डिपो चौराहे के पास अपनी गाड़ी निकालने के लिए बैरिकेट हटा रहे थे। तभी दूसरी तरफ से बलेनो कार चालक ने गाड़ी आगे बढ़ा दी। उसमें तीन कांस्टेबल बैठे थे। शाक्य का आरोप है कि उनके रूकने के इशारे के बावजूद बलेनो कार में सवार कांस्टेबल ने गाड़ी नहीं रूकी, जिससे उनके पैर से गाड़ी टकरा गई। इसका विरोध करने पर कांस्टेबलों ने अपशब्द कहना शुरू कर दिया। इसको विरोध करने पर तीनों कांस्टेबलों ने एडिशनल एसपी के साथ मारपीट शुरू कर दी। खुद को संभाल कर शाक्य ने 100 नंबर पर कॉल किया। इस बीच बलेनो सवार तीनों कांस्टेबल मौक से फरार हो गए। घटना के दौरान एडिशनल एसपी और तीनों कांस्टेबल सिविल ड्रेस में थे। अब मामले में पुलिस ने एडिशनल एसपी की शिकायत पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
तीन में से एक आरक्षक है सस्पेंड
पुलिस के अनुसार तीन आरक्षक में से एक विनोद परासर यातायात में पदस्थ है। जबकि दूसरा अनिल जाट जिला पुलिस बल है। वह अभी सस्पेड चल रहा है। तीसरा आरक्षक अवधेश चौधरी 25 बटालियन एसएएफ का आरक्षक है। तीनों आरक्षक दोस्त है। आरक्षक विनोद परासर छुट्टी पर घर जा रहा था, जिसे छोड़ने के लिए अनिल और अवधेश साथ जा रहे थे। विनोद और अनिल नेहरू नगर पुलिस लाइन में रहते है।