Oct 29, 2016
भोपाल। कर्मचारी भविष्य निधि पेंशन अब महीने की अंतिम तारीख के पहले ही खातों तक पहुँच जाएगी। केंद्र सरकार ने इस संबंध में निर्देश जारी कर दिए हैं। दीपावली के पहले पौने दो लाख पेंशनधारियों के खाते में रकम जमा की जाएगी। सरकार के इस निर्णय से भोपाल के 40 हजार एवं प्रदेश भर के करीब पौने दो लाख से अधिक सेवानिवृत कर्मचारी को फायदा होगा। अब तक व्यवस्था यह थी कि कर्मचारी भविष्य निधि की पेंशन महीने के प्रथम सप्ताह खातों में जमा की जाती थी।
नए निर्देश के बाद अब हर महीने की पेंशन राशि उसी महीने की अंतिम तारीख खातों में जमा करा दी जाएगी। भविष्य निधि संगठन के क्षेत्रीय कमिश्नर अश्विनी कुमार गुप्ता के मुताबिक यह निर्णय इसी महीने से लागू कराने के लिए बैंकों के अधिकारियों से चर्चा की गई है। उन्होंने बताया कि इस महीने 30 तारीख को दीपावली है इसलिए प्रयास किया जा रहा है कि 29 तक सभी खातों में पैसा जमा हो जाए। इसके लिए पीएफ कार्यालय में भी जरूरी इंतजाम किए गए हैं। अगले महीने से यह व्यवस्था सुनिश्चित कर दी जाएगी।