Oct 23, 2016
भोपाल। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का बड़ा पथ संचलन रविवार को लाल परेड ग्राउंड से निकाला गया। ऐसा पहली बार हुआ कि सभी स्वयंसेवक खाकी रंग की फुल पैंट पहनकर पथ संचलन में शामिल हुए। इस दौरान स्वयंसेवकों का जगह-जगह जोरदार स्वागत हुआ। वहीं संघ के इस पथ संचालन को लेकर कयास लगाये जा रहे हैं कि संघ ने पथ संचालन के नाम पर शहर में शक्ति प्रदर्शन किया है।
पथसंचालन के लिए भोपाल में करीब 27 हजार स्वयं सेवकों को नए गणवेश बांटे गए थे। संघ के 91 साल के इतिहास में पहली बार बदलाव कर हाफ पैंट की जगह फुल पैंट पहनाया गया। संघ ने अपने गणवेश में बदलाव का ऐलान 2010 में ही कर दिया गया था। लेकिन इसे अमल में 2016 से लाया गया है।
भोपाल विभाग के संघ संचालक अनिल तामडू ने बताया कि संचालन से पहले मध्यक्षेत्र के शारीरिक प्रमुख प्रवीण गुप्त ने स्वयंसेवकों को लाल परेड ग्राउंड पर संबोधित किया। इस मौके पर ब्रिगेडियर एयर मार्शल ऑफिसर इन कमांड वीके वर्मा, सहकारिता मंत्री विश्वास सांरग,महापौर अलोक शर्मा समेत कई राजनेतिक हस्तिया भी मौजूद रही। संघ का प्रथम पथ संचालन लाल परेड ग्राउंड के प्रवेश द्वार से शब्बन चौराहा, सेट फ्रासिंस स्कूल रोड, जिंसी, चिकलोद रोड, गुरुद्वारे के बगल से दाहिनी ओर, बरखेड़ी पुलिस चौकी चौराहा, पुल पातरा, भारत टॉकीज चौराहा, तलैया चौराहा, पुल पुख्ता तिराहा, लिली टॉकीज चौराहा, पीएचक्यू तिराहा से होते हुये विजय द्वार से लाल परेड ग्राउंड पहुंचा।
वही द्वितीय पथ संचलन लाल परेड ग्राउंड के शौर्य द्वार से प्रारंभ होकर पीएचक्यू तिराहा, लिली चौराहा, काली मंदिर तलैया, बुधवारा चौराहा, ऊपरी रोड से इतवारा, जैन मंदिर रोड से मंगलवारा थाना तिराहा, छावनी रोड, भारत टॉकीज चौराहा, लिली चौराहा होते हुये विजय द्वार से लाल परेड ग्राउंड में प्रवेश किया।