Sep 29, 2022
इंदौर में स्वर कोकिला लता मंगेशकर की प्रतिमा स्थापित होगी साथ ही लता जी के नाम से इंदौर में संगीत अकादमी, संगीत महाविद्यालय और संग्रहालय की स्थापना होगी यह घोषणा लता अलंकरण समारोह में मुख्यमंत्री चौहान द्वारा की गई।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इंदौर में सम्पन्न हुये प्रतिष्ठित राष्ट्रीय लता मंगेशकर अलंकरण समारोह को वर्चुअली रूप से सम्बोधित करते हुये स्वर कोकिला लता मंगेशकर की स्मृति को चिरस्थायी बनाने के लिये अनेक महत्वपूर्ण घोषणाएं की। उन्होंने कहा कि इंदौर में लता जी के नाम संगीत अकादमी, संगीत महाविद्यालय और संग्रहालय की स्थापना की जायेगी। उन्होंने कहा कि लता जी द्वारा संगीत के क्षेत्र में दिये गये योगदान को कभी भी भुलाया नहीं जा सकता हैं।
राज्य शासन के प्रतिष्ठा प्रसंग राष्ट्रीय लता मंगेशकर सम्मान अलंकरण समारोह में आज फिल्मी जगत की गायन एवं संगीत क्षेत्र की तीन हस्तियों को राष्ट्रीय लता मंगेशकर सम्मान से अलंकृत किया गया। यह सम्मान प्राप्त करने वालों में शैलेन्द्र सिंह, आनंद-मिलिंद एवं कुमार शानू शामिल है। इन्हें यह सम्मान राज्य शासन की ओर से पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री सुश्री उषा ठाकुर ने प्रदान किया। वर्ष 2019 का सम्मान पार्श्व गायन के लिये शैलेन्द्र सिंह को वर्ष 2020 का सम्मान संगीत निर्देशन के लिये आनंद-मिलिंद को एवं वर्ष-2021 का सम्मान पार्श्व गायन के लिये कुमार शानू को प्राप्त हुआ है।