Jan 31, 2023
भोपाल, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आज मंत्रालय में राज्य के सभी संभाग आयुक्त-कलेक्टर्स व सभी आईजी- एसपी से मुखातिब है। कुछ महीने बाद होने वाले चुनाव के पहले तथा कोरोना के लंबे दौर के बाद मैदानी अफसरों के साथ यह उनकी पहली 'फिजिकल क्लास' है। इसके पहले वे वचुअल कांफ्रेंस ही करते रहे हैं। ताजा राजनीतिक व प्रशासनिक परिस्थितियों में इस बैठक को बहुत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसमें जनकल्याण के सभी मामलों में सीएम अपने फीडबैक के साथ अफसरों से जानकारियां ले रहे हैं और 'परख' रहे हैं। खास बात यह है कि बैठक के दो दिन पहले ही उन्होंने सात कलेक्टरों को बदला है।
बैठक की शुरुआत में ही शिवराज ने कहा कि कलेक्टर बिना समय गंवाए लोगों की बेहतरी के काम करें, मैं खुद भी एक क्षण नहीं गंवाता हूं। उन्होंने सभी संभाग आयुक्तों से कहा कि वे अपने क्षेत्र में हो रहे सरकारी कामकाज पर बारीक नजर रखें तथा जिम्मेदारी के प्रति गंभीर रहें। जानकारी के मुताबिक कलेक्टर कमिश्नर्स कांफ्रेस में सीएम शिवराज विभाग अनुसार विकास कार्यों एवं योजनाओं की समीक्षा कर रहे हैं। इसमें सरकार के आदिवासी फोकस वाले क्षेत्र के चलते पेसा नियम 2022 के प्रभावी क्रियान्वयन पर जवाब मांगा जा रहा है। वहीं मुख्यमंत्री आवासीय भू-अधिकार योजना एवं मुख्यमंत्री नगरीय भू-अधिकार योजना के क्रियान्वयन की समीक्षा, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण एवं शहरी) के क्रियान्वयन, नगरीय क्षेत्रों में अनाधिकृत कॉलोनियों में नागरिक अधोसंरचना विकास भवन निर्माण अनुज्ञा उपलब्ध कराने की कार्यवाही, जल जीवन मिशन के क्रियान्वयन, सीएम राईज स्कूलों का संचालन, आयुष्मान भारत निरामयम, सार्वजनिक वितरण प्रणाली, मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना समेत संबल 2 योजना के क्रियान्वयन की समीक्षा भी की जायेगी।
विकास यात्रा के नजरिये महत्वपूर्ण
विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी सरकार व शिवराज सिंह अपने मंत्री और विधायकों के बाद अब अधिकारियों से भी आज अलग-अलग चर्चा करेंगे। मंगलवार और बुधवार की कलेक्टर कमिश्नर, आइजी एसपी कान्फ्रेंस में आधा दिन अधिकारियों से चर्चा के लिए आरक्षित रखा गया है। इसमें अधिकारियों से वे योजनाओं के क्रियान्वयन की मैदानी स्थिति से लेकर अन्य विषयों पर बात होगी। पांच फरवरी से प्रदेश में प्रारंभ हो रही विकास यात्रा की तैयारी, कानून व्यवस्था सहित अन्य प्रमुख योजनाओं की समीक्षा की जाएगी।
-