Jan 24, 2023
भोपाल। मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने निकाय चुनावों में कांग्रेस को पटखनी दे दी है। भाजपा ने 6 नगर पालिका में से 4 में जीत हासिल की है तो कांग्रेस को 2 नगरपालिका में बहुमत हासिल हुआ है। 13 नगर परिषद में से भाजपा ने 7 पर कब्जा कर लिया है। वहीं, कांग्रेस को 6 नगर पालिका में जीत मिली है। 19 नगरीय निकायों में कुल वार्डों की संख्या 343 थी । इनमें से 183 वार्डों में भाजपा और 143 में कांग्रेस के पार्षद विजयी घोषित हुए हैं। निकाय चुनाव के नतीजों को बेहद अहम माना जा रहा है और विधानसभा चुनाव से पहले इसे वार्म अप या सेमीफाइनल के तौर पर पेश किया जा रहा है।
20 जनवरी को 6 नगर पालिका और 13 नगर परिषद के लिए वोट डाले गए थे। चुनाव में 67 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था। सोमवार को नतीजों की घोषणा हुई तो 19 में से 11 निकायों पर भाजपा ने कब्जा किया तो 8 पर कांग्रेस को सफलता मिली। निकाय चुनाव नतीजों का इस्तेमाल भाजपा काडर का जोश बढ़ाने में कर सकती है। गुना की नगर पालिका राघौगढ़-विजयपुर के 24 वाडों में से 8 पर भाजपा और 16 पर कांग्रेस के प्रत्याशियों को जीत हासिल हुई है। अनूपपुर की नगर परिषद जैतहरी के 15 वार्डों में से 7 भाजपा, 6 कांग्रेस और दो अन्य के खाते में गए हैं । खंडवा की नगर परिषद ओंकारेश्वर के 15 में से 9 पर भाजपा और छह पर कांग्रेस ने बाजी मारी है। बड़वानी की नगर परिषद खेतिया के 15 वाडों में से 10 भाजपा के 4 कांग्रेस और एक अन्य के खाते में गए। नगर परिषद पानसेमल में 10 भाजपा, तीन कांग्रेस और दो अब अन्य के पास हैं।
नगर परिषद पलसूद के 4 वार्ड भाजपा, सात कांग्रेस और चार पर अन्य का कब्जा हुआ है। राजपुर में आंकड़ा भाजपा का 11 और कांग्रेस का चार रहा। नगर परिषद अंजड़ के 11 वार्डों पर भाजपा, दो पर कांग्रेस और दो पर अन्य ने जीत हासिल की। नगर पालिका परिषद बड़वानी के कुल 24 वार्डों में से 14 पर भाजपा और 10 पर कांग्रेस प्रत्याशी जीते। नगर पालिका परिषद सेंधवा में 19 वाडों के साथ भाजपा ने जीत हासिल की है। यहां मात्र 5 वार्ड कांग्रेस के खाते में गए हैं।
धार नगर पालिका परिषद के कुल 30 वार्डों में से 18 भाजपा के पास गए हैं। यहां 9 कांग्रेस और तीन पर अन्य का कब्जा जमा है। नगर पालिका परिषद पीथमपुर के 13 वार्ड भाजपा और 17 पर कांग्रेस प्रत्याशियों ने जीत दर्ज कराई। नगर पालिका परिषद मनावर में भाजपा 9 और कांग्रेस को 6 पर जीत हासिल हुई। नगर परिषद धरमपुरी में भाजपा का आंकड़ा 5, कांग्रेस का 9 और अन्य का एक रहा।
नगर परिषद धामनोद में 6 स्थानों पर भाजपा और 9 पर कांग्रेस ने जीत हासिल की। नगर परिषद कुक्षी के सात वार्ड भाजपा के पास और 8 कांग्रेस के पास गए हैं। नगर परिषद डही में ये आंकड़ा 10 और चार का रहा। एक वार्ड पर अन्य प्रत्याशी का कब्जा हुआ है। नगर परिषद राजगढ़ के 15 वार्डों में से 6 पर भाजपा और 9 पर कांग्रेस ने जीत हासिल की। नगर परिषद सरदारपुर में भी यही स्थिति रही ।
निकाय चुनाव में भाजपा की जीत पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि जनता ने विकास के साथ खड़े रहने की प्रतिबद्धता जताई है। ओरछा में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा, नगरीय निकाय चुनाव में भाजपा ने फिर शानदार सफलता हासिल की है।