Jan 24, 2023
भोपाल। कांग्रेस हाइकमान के निर्देश पर देश भर में 26 जनवरी से प्रारंभ होने वाले हाथ से हाथ जोड़ो अभियान के तहत मप्र में प्रदेश कांग्रेस के आव्हान पर इस अभियान का शुभारंभ 26 जनवरी को राजधानी भोपाल की हुजूर विधानसभा के मुगालिया छाप से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ की अगुवाई में किया जायेगा। इसकी रूपरेखा पार्टी ने बैठक में बना ली है। संगठन प्रभारी राजीव सिंह ने बताया कि अभियान को जिला, ब्लाक, सेक्टर, मंडलम और बूथ लेवल पर चलाया जायेगा। कांग्रेस कार्यकर्ता आम लोगो और जनता के बीच जाकर भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों को उजागर करेंगे। मुकेश नायक ने कहा कि भाजपा सरकार से आज हर वर्ग परेशान है। बैठक में पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया, पूर्व मंत्री पीसी शर्मा, जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष अरूण श्रीवास्तव और शहर कांग्रेस अध्यक्ष कैलाश मिश्रा ने भी संबोधित किया। बैठक में प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
कांग्रेस बोली- कलेक्टर से लेकर कोटवार तक नहीं जिता पाए भाजपा को
आठ निकायों में जीत से उत्साहित
भोपाल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के. के. मिश्रा ने 19 निकायों में हुये मतदान के परिणामों में 11 में भाजपा और 8 में कांग्रेस की विजय पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए कहा कि कलेक्टर से लेकर कोटवार तक को भाजपा कार्यकर्ता बना देने के बावजूद भाजपा को इन निकायों के चुनाव में आशातीत सफलता हासिल नहीं हुई। यही नहीं धार जिले की नगरीय निकाय चुनाव प्रचार में जहां प्रदेश के मुखिया शिवराजसिंह चौहान और भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा ने सघन चुनाव प्रचार किया, वहीं प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री मोहन यादव भी मतदाताओं को नोट बांटने की जद में आये, वहां भाजपा को केवल तीन पार्षदों से ही संतोष करना पड़ा। यही अनुपात विजयी पार्षदों को लेकर भी रही।
मिश्रा ने कहा कि 19 निकायों में हुये कुल 343 पार्षदों के लिए हुये मतदान में आये परिणामों में कांग्रेस के 143 पार्षद, भाजपा के 183 और 17 पार्षद निर्दलीय विजयी हुये हैं। इन परिणामों से कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अपने ऐतिहासिक श्रम ने आसन्न 2023 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को भारी बहुमत के साथ सरकार बनाने के संकेत को स्पष्ट कर दिया है।