Aug 8, 2025
संजय लीला भंसाली और सोनू निगम सहित कई हस्तियों को मिलेगा मध्य प्रदेश का राष्ट्रीय सम्मान
मध्य प्रदेश संस्कृति विभाग ने वर्ष 2024 और 2025 के लिए प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मानों की घोषणा कर दी है। इसमें फिल्म, संगीत, साहित्य और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाली हस्तियों को सम्मानित किया जाएगा। मशहूर फिल्म निर्देशक संजय लीला भंसाली और पार्श्व गायक सोनू निगम सहित कई विभूतियों को यह सम्मान प्रदान किया जाएगा। भोपाल में 14 सितंबर को आयोजित समारोह में पुरस्कार वितरित होंगे।
सम्मान समारोह का आयोजन
मध्य प्रदेश संस्कृति विभाग द्वारा 14 सितंबर को भोपाल में हिंदी दिवस के अवसर पर भव्य समारोह आयोजित किया जाएगा। इस दौरान राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान, राष्ट्रीय लता मंगेशकर सम्मान, राष्ट्रीय महात्मा गांधी सम्मान, राष्ट्रीय सूचना प्रौद्योगिकी सम्मान, राष्ट्रीय निर्मल वर्मा सम्मान, राष्ट्रीय फादर कामिल बुल्के सम्मान, राष्ट्रीय गुणाकर मुले सम्मान और राष्ट्रीय हिंदी सेवा सम्मान प्रदान किए जाएंगे। यह सम्मान कला, संस्कृति और हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार में योगदान देने वालों को दिए जाएंगे।
सम्मान राशि और पुरस्कार
संस्कृति विभाग के संचालक एनपी नामदेव के अनुसार, राष्ट्रीय महात्मा गांधी सम्मान के लिए 20 लाख रुपये और अन्य सम्मानों के लिए 5-5 लाख रुपये की राशि दी जाएगी। साल 2024 में राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान (गीत लेखन) प्रसून जोशी को और 2025 में निर्देशन के लिए संजय लीला भंसाली को मिलेगा। वहीं, राष्ट्रीय लता मंगेशकर सम्मान 2024 में शंकर-एहसान-लॉय और 2025 में सोनू निगम को प्रदान किया जाएगा।
2024 और 2025 के सम्मानित हस्तियां
साल 2024 में प्रसून जोशी, शंकर-एहसान-लॉय, रीता कौशल, डॉ. केसी अजय कुमार, डॉ. राधेश्याम नापित, प्रशांत पोळ, डॉ. इंदिरा गाजिएवा और आनंदधाम (भोपाल) को सम्मानित किया जाएगा। वहीं, 2025 में संजय लीला भंसाली, सोनू निगम, डॉ. विनोद बब्बर, डॉ. सदानंद दामोदर सप्रे, लोकेन्द्र सिंह राजपूत, डॉ. वंदना मुकेश, पद्मा जोसेफिन वीरसिंघे और पुनरुत्थान समरसता गुरुकुलम (पुणे) को पुरस्कार मिलेगा।