Loading...
अभी-अभी:

MP में बाघ से भिड़ी मां: 1.5 साल के बेटे को बचाने के लिए संघर्ष, महिला की हालत गंभीर

image

Sep 5, 2022

MP से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। प्रदेश के उमरिया जिले में एक मां अपने डेढ़ साल के बच्चे को बचाने के लिए बाघ से भिड़ गई। बाघ और महिला के बीच ये लड़ाई 20 से 25 मिनट तक चलती रही। बाघ ने महिला को लगभग दबोच ही लिया था पर उसने हार ना मानते हुए अपने बच्चे को बाघ के जबड़े से छुड़ा लिया। घटना बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के रेहनिया गांव की है। बाघ के नाखून शरीर में घुसने के कारण महिला की हालत गंभीर है। अभी फिलहाल महिला का इलाज जबलपुर में चल रहा है। 

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के मुताबिक मानपुर बफर जोन से लगी ज्वालामुखी बस्ती निवासी अर्चना सुबह करीब दस बजे अपने डेढ़ साल के बेटे राजवीर के साथ किसी काम से घर से बाहर निकली थी। इस बीच एक झाड़ियों में छुपे एक बाघ ने फेंसिंग को फांदकर हमला कर दिया। इस हमले में बाघ ने राजवीर को दबोच लिया। ये देख कर अर्चना ने बिना हार माने बाघ से भिड़ गई। इस लड़ाई में बाघ ने अर्चना को दबोच लिया और उसके नाखून महिला के शरीर में घुस गए। 20-25 मिनट तक ये भिड़ंत चलती रही जिसके बाद शोर सुनकर आस पास के लोग लाठी डंडा लेकर पहुंचे और बाघ को भगा दिया। 

महिला की हालत गंभीर

बाघ के जंगल में भागने के बाद महिला और उसके बेटे को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। यहां डॉक्टरों की टीम ने दोनों का प्राथमिक इलाज किया। महिला की गर्दन टूटने की बात सामने आयी है। महिला के शरीर पर नाखून के गहरे घाव हैं। डॉक्टरों ने बताया कि टांके लगने के बाद भी खून नहीं रुका। महिला की हालत देखते हुए उसे जबलपुर रेफर कर दिया गया। वहीं बच्चा अब खतरे से बाहर है। 

अक्सर आते हैं जानवर

इस घटना ने गांव वालों के होश उड़ा दिए। चश्मदीदों ने बताया कि बाघ ने दोनों को जकड़ा हुआ था। गांव वालों के लाठियों से डराने के बाद बाघ भागा। लोगों ने बताया कि बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व होने के कारण अक्सर गांव में जानवर घुस आते हैं और मवेशियों का शिकार करते हैं। बता दें कि टाइगर रिजर्व के अधिकारी ने गांव में अलर्ट जारी किया है। उन्होंने लोगों को घर में पहने की सलाह दी है। खेतों में छिपे बाघों को पकड़ने के लिए हाथियों की मदद ली जा रही है।