Nov 7, 2021
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान बच्चों के बीच मामा के नाम से मशहूर हैं। बीते शनिवार शाम को उनका एक अलग अंदाज नजर आया। दअसल बीते शनिवार को वह बच्चों के बीच पहुंच गए और पूरी तरह से बच्चों के रंग में रंगे नजर आए। मुख्यमंत्री ने यहां बच्चों की मांग पर उनके साथ चम्मच रेस लगाई।
'खिलौना महोत्सव' का शुभारंभ
बता दें कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान बीते शनिवार को गृहक्षेत्र बुधनी में 'खिलौना महोत्सव' के शुभारंभ में गए थे। यहाँ उन्होंने बुधनी में बनने वाले खिलौनों को कैसे देश-विदेश में मशहूर करना है? इस पर अफसरों के साथ चर्चा की। वहीं चर्चा के बाद उन्होंने मंच पर बच्चों के साथ चम्मच रेस लगाई। हालाँकि यहाँ मामा शिवराज सिंह चौहान बच्चों से हार गए। वहीं इस मौके पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, 'बुधनी में बनने वाले लकड़ी के खिलौने स्थानीय स्तर पर तो मशहूर है, लेकिन इसे अब विश्व प्रसिद्ध बनाने के लिए 'जी आई टैग' दिलाए जाने के प्रयास किए जाएंगे।
एक जिला-एक उत्पाद योजना
इसी के साथ मुख्यमंत्री ने यह भी कहा, पीएम नरेंद्र मोदी के आह्रवान पर मध्य प्रदेश में शुरू की गई एक जिला-एक उत्पाद योजना में सीहोर जिले में खिलौना उत्पाद को शामिल किया है। खिलौनों की कम लागत, फिनिशिंग के लिए क्लस्टर बनाकर प्रशिक्षण दिलाया जाएगा और जरूरी मशीनरी भी लगाई जाएगी।








