Loading...
अभी-अभी:

उत्तराखंड में भूस्खलन: हादसे में मजदूर की मौत, सिपाही घायल

image

Jul 27, 2022

उत्तराखंड में भारी बारिश के चलते धारचूल-लिपुलेख रोड के पास भूस्खलन हो गया। इस लैंडस्लाइड की चपेट में आकर एक मजदूर की मौत हो गई, वहीं सेना का एक जवान जख्मी हो गया। इसी बीच पहाड़ी से बोल्डर गिरने के कारण सेना की गाड़ी भी नष्ट हो गई। लिपुलेख बॉर्डर से सेना गाड़ी आ रही थी तभी पहाड़ से पत्थर गिर गए। भूस्खलन के बाद सड़क पूरी तरह ब्लॉक हो गई है। 

हादसे में मजदूर की मौत
गर्ग एंड गर्ग कंपनी के JE महेंद्र धामी ने बताया कि मंगलवार को एनएच पर ब्लास्टिंग के लिए मजदूर होल बनाने का काम कर रहे थे। शाम करीब चार बजे अचानक पहाड़ी से बोल्डर गिरे और हाईवे पर काम कर रहे नेपाल के रहने वाले नर बहादुर रोका (45) की मौत हो गई। वहीं पदम सिंह कुंवर (38) घायल हो गए। घायलों को धारचूल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।  

रोड ब्लॉक से कांवड़ यात्रा पर असर
बीते सोमवार सुबह पांच बजे के आसपास मल्बा और पत्थर गिरने से गंगोत्री हाइवे बंद हो गया था। हाईवे करीब 5 घंटों तक जाम रहा। इससे कांवड़ियों और चार धाम पर जाने वाले वाहन फंस गए। बीआरओ की टीम ने पांच घंटों की मशक्कत के बाद हाईवे को खाली किया, जिसके बाद वहां से गाड़ियां निकलीं। करबब तीन बजे हाईवे फिर से शुरू हो पाया। 

टनकपुर में भी हादसा
पूर्णागिरी के टनकपुर में जौलजीबी रोड पर 24 जुलाई को चरण मंदिर के पास सड़क पर पत्थर गिरे थे। भूस्खलन के वक्त टनकपुर निवासी योगेश वहीं से गुजर रहे थे। पहाड़ से गिर रहे मलबे से खुद को बचाने के चक्कर में उनकी गाड़ी शारदा नदी में गिर गई। इस घटना में उनकी मौत हो गई।