Dec 12, 2021
विधायकों को चुनाव आचार संहिता लागू होने से पहले तक अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में नुक्कड़ सभाएं और रूम मीटिंग करने का लक्ष्य दिया गया है। विधानसभा के हर बूथ पर इस दौरान कोई न कोई कार्यक्रम अनिवार्य रूप से किया जाएगा। जिन विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी के विधायक नहीं हैं, वहां यह जिम्मेदारी क्षेत्र के वरिष्ठ पदाधिकारी उठाएंगे। बैठक में विधायकों को विजय संकल्प यात्रा का रोडमैप बताया गया।
गढ़वाल मंडल की यह यात्रा 18 से हरिद्वार जबकि कुमाऊं मंडल की यात्रा बागेश्वर से शुरू होगी। वहीं, कल कुमाऊं मंडल के लिए सुझाव पेटिका एलईडी वैन रवाना होंगी, जबकि गढ़वाल के जिलों के लिए 14 दिसंबर को प्रस्थान करेंगी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने बताया कि नुक्कड़ सभाओं का दौर एक हफ्ते बाद से होने शुरू होंगे। बैठक में कैबिनेट मंत्री बंशीधर भगत, सतपाल महाराज, सुबोध उनियाल, गणेश जोशी, अरविंद पांडेय, भाजपा प्रदेश महामंत्री (संगठन) अजेय कुमार, महामंत्री कुलदीप कुमार के साथ ही 40 से ज्यादा विधायक मौजूद रहे।
विजय कर रही है भाजपा की प्रतीक्षा:कौशिक
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष कौशिक ने विधायकों को कहा कि उठो और खड़े हो जाओ, विजय आप सभी की प्रतीक्षा कर रही है। कहा कि भाजपा सरकार ने पूरे पौने पांच साल तक जनता की सेवा की है। कोरोना काल में पार्टी कार्यकर्ताओं ने मिशाल के तौर पर अद्भुत काम किए हैं। गरीब से लेकर हर तबके के लोगों के साथ खड़े रहे और उन्हें हर संभव मदद पहुंचाई। कार्यकर्ताओं के समर्पण की वजह से भाजपा ने जनता पर अपना अटूट विश्वास कायम रखा और अब फिर आने वाले विधानसभा चुनाव में जनता फिर भाजपा को आर्शीवाद देगी।