Jun 8, 2023
पुलिस ने कहा कि 56 वर्षीय व्यक्ति के घर में मिले शरीर के अंगों के टुकड़ो से संदेह हुआ कि हत्या कम से कम दो दिन पहले की गई होगी।
मुंबई के मीरा रोड स्थित अपने किराए के अपार्टमेंट में अपनी लिव-इन पार्टनर की कथित तौर पर हत्या करने और उसके शरीर के टुकड़े-टुकड़े करने के आरोप में 56 वर्षीय एक व्यक्ति को बुधवार शाम गिरफ्तार किया गया। नयानगर पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने कहा कि उसके घर में मिले शरीर के अंगों के सड़ने से संदेह हुआ कि हत्या दो-तीन दिन पहले की गई होगी, ऐसा प्रतीत होता है कि आरोपी इतने दिनों से शरीर के अंगों के साथ रह रहा था। बताया गया है की आरोपी की पहचान मनोज साहनी के नाम से हुई है और वह पिछले तीन सालों से गीता नगर फेज 7 में एक अपार्टमेंट बिल्डिंग में 32 वर्षीय सरस्वती वैद्य के साथ रह रहा था।
पड़ोसियों ने फ़ोन कर पुलिस को बताया की फ्लैट में से बदबू आ रही है
बुधवार को शाम करीब 7 बजे नयानगर थाने के निवासियों ने साहनी के फ्लैट से दुर्गंध आने की शिकायत की। बिल्डिंग और फ्लैट में घुसने पर पुलिस को महिला के शरीर के अंग मिले जिसके बाद साहनी को तुरंत हिरासत में ले लिया गया। पुलिस उपायुक्त जोन 1 जयंत बाजबले ने कहा, "हमने साहनी को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या के पीछे की मंशा और उसने इसे कैसे अंजाम दिया, इसका पता लगाने के लिए जांच कर रहे हैं।"
पुलिस साहनी के खिलाफ हत्या और सबूत मिटाने के आरोप में एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया में है। फ्लैट से सैंपल और सबूत जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है।