Jul 2, 2019
UPA चेयरपर्सन और रायबरेली लोकसभा सीट से सांसद सोनिया गांधी ने आज लोकसभा में अपने क्षेत्र का मुद्दा उठाया। उन्होंने रायबरेली में रेलवे के कारखाने के निजीकरण पर सवाल खड़े किए हैं। सोनिया गांधी ने आज़ाद भारत के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू को भी याद किया। उन्होंने सरकार पर कुछ उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने का आरोप लगाया।
सरकार रायबरेली की सार्वजनिक संपत्तियों की पूरी रक्षा करे
यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी ने सदन में कहा है कि, सरकार रायबरेली की सार्वजनिक संपत्तियों की पूरी रक्षा करे। रायबरेली की रेल कोच फैक्ट्री देश की सर्वाधिक आधुनिक फैक्ट्रियों में से एक है और पूर्व की सरकारों ने इसे आगे ले जाने के लिए बहुत काम किया है। स्थानीय लोगों के रोजगार के लिए भी यह रेल फैक्ट्री अहमियत रखती है। मुझे दुख के साथ कहना पड़ रहा है कि सरकार इस फैक्ट्री के निजीकरण की कोशिश कर रही है। इसके लिए मजदूर यूनियनों तक को भरोसे में नहीं लिया गया। 2000 से ज्यादा मजदूरों और कर्मचारियों का भविष्य अब संकट में है।
सरकार सिर्फ पूंजीपतियों को लाभ पहुंचा रही है...
रायबरेली से सांसद सोनिया गांधी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधने के साथ ही देश के पहले पीएम नेहरू को भी याद किया। उन्होंने कहा कि आज़ाद भारत के पहले पीएम पंडित जवाहर लाल नेहरू सार्वजनिक उद्योंगो को देश के विकास की पूंजी मानते थे। सोनिया ने कहा कि, बेहद ही दुख के साथ कहना पड़ रहा है कि यह सरकार मजदूर और गरीब लोगों को भूलकर केवल कुछ पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने के लिए कार्य कर रही है। मजदूरों का अधिकार छीनकर कैसे उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाया जा रहा है, यह बात किसी से छुपी नहीं है।