Jul 13, 2021
पूर्व क्रिकेटर यशपाल शर्मा का मंगलवार को 66 साल की उम्र में निधन हो गया। उनका निधन हार्टअटैक से हुआ है। वे 1983 वर्ल्ड कप विजेता टीम के सदस्य रहे थे। 2011 में महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम चुनने में भी यशपाल की अहम भूमिका थी। वे सिलेक्शन कमेटी के सदस्य थे।
यशपाल शर्मा पंजाब के लुधियाना शहर के रहने वाले थे। उन्होंने क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद कुछ दिनों तक अंपायरिंग भी की थी। बाद में उन्हें टीम इंडिया का सिलेक्टर नियुक्त किया गया था।
यशपाल के करियर से जुड़ी खास बातें
यशपाल शर्मा का जन्म 11 अगस्त 1954 को पंजाब के लुधियाना में हुआ था।
स्कूल से खेलते हुए यशपाल ने 260 रन की पारी खेली थी। तभी सुर्खियों में आए।
यशपाल ने क्रिकेट करियर की शुरुआत 13 अक्टूबर 1978 को वनडे से की थी।
उन्होंने पहला टेस्ट लॉर्ड्स में इंग्लैंड के खिलाफ अगस्त 1979 में खेला था।
1983 वर्ल्ड कप फाइनल में उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ 11 रन बनाए थे।
खराब फॉर्म के चलते वर्ल्ड कप के बाद यशपाल का करियर लगातार गिरता गया।
पहले उन्हें टेस्ट टीम से बाहर किया, फिर वे वनडे टीम में भी वापसी नहीं कर सके।
यशपाल ने आखिरी टेस्ट नवंबर 1983 और लास्ट वनडे जनवरी 1985 में खेला था।
37 साल की उम्र में यशपाल ने रेलवे के लिए खेलते हुए 1991-92 में लगातार शतक जमाए।
इसके बावजूद नेशनल टीम में वापसी नहीं होने पर उन्होंने क्रिकेट को अलविदा कह दिया था।
संन्यास के बाद कुछ मैचों में अंपायरिंग भी की। बाद में टीम इंडिया का सिलेक्टर नियुक्त हुए।
यशपाल 2003 से 2006 तक सिलेक्टर रहे। उन्हें 2008 में फिर सिलेक्टर बनाया गया था।