Oct 27, 2016
महासमुंद। जिले के सरायपाली के ग्राम बैतारी में संचालित राधे कृष्ण आयल मिल में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया है। आग इतनी तेज थी कि आयल मिल के गोदामों तक फैल गयी। भीषण आगजनी के कारण 10 मजदूर झुलस गये। सभी को गंभीर में हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। दरअसल, रायपाली के गांव बैतारी स्थित राधे कृष्ण आयल मिल में कल रात्रि 12 बजे भीषण आग लग गई। वहां काम कर रहे लगभग 40-50 मजदूरों में भगदड़ मच गई। हादसे में दस मजदूर बुरी तरह झुलस गए। जिन्हें स्थानीय नागरिकों की मदद से निजी वाहनों से सरायपाली के निजी हास्पिटल और भारती हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। जिनमें से सात मरीजों को गंभीर अवस्था में प्रारंभिक उपचार के बाद रायपुर के मेकाहारा रेफर कर दिया गया।
आग बुझाने के लिये सरायपाली के अलावा बरगढ़, रायगढ़, सारंगढ़, पिथौरा, महासमुंद की लगभग 6-7 दमकल गाड़ियां लगी हुई है। अभी तक आग पर काबू नही पाया गया। डाॅक्टर एवं प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार आग के कारणो का पता नही चल पाया है। आग से करोड़ों के नुकसान का अंदेशा बताया जा रहा है। प्लांट परिसर में खड़ी एक जेसीबी वाहन और माल से भरी ट्रक भी पूरी तरह जल गई है। थाना प्रभारी राजेश सिंह घटना के समय से ही अपनी पूरी टीम के साथ घटनास्थल पहुंच गए थे। उनकी सक्रियता के चलते साल्वेन्ट प्लांट के ऑयल और गैस से भरे टैंक तक आग को पहुंचने से रोका जा सका है।