Sep 25, 2025
भोपाल के भगवान सिंह ने रचा इतिहास — माउंट एवरेस्ट बेस कैंप पर एमटीवी साइकिल पहुँचाने वाले विश्व के पहले व्यक्ति बने
मध्यप्रदेश की धरती से निकलकर दुनिया के शिखर तक पहुँचे भोपाल निवासी भगवान सिंह ने अद्भुत पराक्रम और जज़्बे का परिचय देते हुए नया इतिहास रच दिया है। उन्होंने 5364 मीटर की ऊँचाई पर स्थित माउंट एवरेस्ट बेस कैंप तक अपनी एमटीवी साइकिल पहुँचाकर देश का तिरंगा लहराया।
यह उपलब्धि हासिल करने में उन्हें 9 दिनों की कठिन चढ़ाई और माइनस तापमान जैसी कठोर परिस्थितियों से गुजरना पड़ा। लेकिन दृढ़ संकल्प, साहस और मातृभूमि के प्रति अपार प्रेम ने उन्हें असंभव को संभव करने की प्रेरणा दी। यह उपलब्धि न केवल मध्यप्रदेश बल्कि पूरे भारत के लिए गर्व का विषय है। भगवान सिंह का यह कारनामा आने वाली पीढ़ियों के लिए साहस, जुनून और देशभक्ति का प्रेरणास्त्रोत बनेगा।
विश्व के पहले साहसी का गौरव
भगवान सिंह दुनिया के पहले व्यक्ति बने हैं जिन्होंने इस चुनौती को स्वीकार कर अपने दो पहियों के साथ 5364 मीटर की ऊँचाई पर पहुँचने का कारनामा किया। न तो भारत से और न ही विश्व के किसी अन्य हिस्से से किसी ने पहले यह असंभव प्रतीत होने वाला कार्य किया था। इस ऐतिहासिक उपलब्धि ने उन्हें वैश्विक स्तर पर एक अनोखी पहचान दी और यह पूरी दुनिया के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई। 9 दिन की कठिन चढ़ाई, दुर्गम और बर्फ़ीले रास्ते, माइनस तापमान जैसी कठोर परिस्थितियाँ — इन सबको पार कर भगवान सिंह ने अपनी हिम्मत और साहस का प्रमाण दिया।