Jul 22, 2017
धमतरी : एक तरफ सरकार गरीबों को रहने के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान बना रही हैं, तो वहीं दूसरी ओर धमतरी में पंचायत प्रतिनिधि सरकार के इन्ही योजनाओं पर पलीता लगा रहे हैं।
मामला पंचायत मंत्री के इलाके के दरबा गांव का हैं। जहां एक गरीब के आशियाने को महज इसलिए उजाड़ दिया क्योंकि उन्होंने सरपंच पति को मकान के एवज में रिश्वत नहीं दी। वहीं अब पीड़ित परिवार को दर-दर की ठोकरे खाने मजबूर होना पड़ रहा हैं। फिलहाल पीड़ित परिवार ने प्रभारी मंत्री से न्याय की गुहार लगाई हैं। दरअसल कुरूद इलाके के दरबा गांव में रहने वाले कृष्णकुमार देवागंन के नाम पर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास की स्वीकृति हुई। जिसके बाद हितग्राही के खाते में बकायदा पैसा भी आ गया। इसके बाद पंचायत के सहमति से हितग्राही कृष्णकुमार ने अपने पट्टे वाली जमीन पर निर्माण कार्य शुरू कर दिया और मकान का निर्माण कार्य पूरा होने ही वाला था कि इस बीच सरपंच पति और वार्ड पंच ने अंतिम किश्त जारी कराने के एवज में हितग्राही से 15 हजार रुपए की डिमांड की। लेकिन हितग्राही ने पैसे देने से इंकार कर दिया।
जिसके बाद बिना नोटिस दिए अधिकारियों की मिलीभगत से हितग्राही के मकान को जेसीबी से ढहा दिया गया। ऐसे में अब हितग्राही और उनका पूरा परिवार सड़क पर आ गया हैं। वहीं दर-दर की ठोकरे खाने को भी मजबूर होना पड़ रहा हैं। बहरहाल पीड़ित हितग्राही ने जिला प्रशासन से इसकी शिकायत की हैं। इसके आलावा प्रभारी मंत्री रमशीला साहू से भी शिकायत की हैं। मामले में प्रभारी मंत्री ने जिला प्रशासन को जांच के निर्देश दिए हैं।








