Loading...
अभी-अभी:

बिलासपुर-नागपुर वंदे भारत एक्सप्रेस आज से शुरू, जानिए बिलासपुर से नागपुर का क्या होगा किराया

image

Dec 12, 2022

Vande Bharat Express Nagpur to Bilaspur: पीएम मोदी ने छत्तीसगढ़ की जनता को बड़े तोहफे के तौर पर वंदे भारत एक्सप्रेस की शुरुआत की है। वंदे भारत एक्सप्रेस आज से पटरियों पर दौड़ने लगी है। ट्रेन अपने नियमित समय सुबह 6.45 बजे बिलासपुर से रवाना हुई। वहीं, ट्रेन की लॉन्चिंग के साथ ही रेलवे ने वंदे भारत एक्सप्रेस का किराया और समय सारिणी का ऐलान कर दिया है। बता दें कि वंदे भारत एक्सप्रेस में दो तरह के किराए होंगे। एक्जीक्यूटिव चेयर का किराया अधिक, जबकि चेयर कार का किराया कम है।

रेलवे की ओर से जारी एग्जीक्यूटिव चेयर कार का किराया बिलासपुर से नागपुर के लिए 1540 रुपये, जबकि चेयर कार का किराया 775 रुपये निर्धारित किया गया है। बिलासपुर से रायपुर के बीच एक्जीक्यूटिव चेयर कार का किराया रु. 890 और चेयर कार रु. 455 है।

Vande Bharat Express Nagpur to Bilaspur: आज रेलवे प्रबंधन ने वंदे भारत ट्रेन के ट्रेन नंबर की घोषणा की है। जिसके मुताबिक बिलासपुर से नागपुर चलने वाली ट्रेन संख्या 20825 होगी। वहीं नागपुर से चलकर बिलासपुर पहुंचने वाली ट्रेन का नंबर 20826 होगा। यह ट्रेन सप्ताह में 6 दिन चलेगी। यह ट्रेन केवल शनिवार को नहीं चलेगी। बिलासपुर से नागपुर चलने वाली ट्रेनों का टाइम टेबल इस प्रकार रहेगा।

ट्रेन बिलासपुर से सुबह 6.45 बजे रवाना होकर सुबह 8.01 बजे रायपुर पहुंचेगी। यहां दो मिनट के ठहराव के बाद 8.03 मिनट पर निकलेगी। ट्रेन का अगला पड़ाव 08:48 बजे दुर्ग होगा। यहां दो मिनट रुकने के बाद ट्रेन 8.50 मिनट पर रवाना होगी और अगले 17 मिनट का सफर तय कर राजनांदगांव पहुंचेगी। 9.07 मिनट पर राजनांदगांव पहुंचने के बाद ट्रेन का स्टॉपेज सिर्फ एक मिनट होगा। फिर ट्रेन यहां से 9.08 मिनट पर निकलेगी। फिर 10.28 बजे गोंदिया पहुंचेगी और 2 मिनट रुकने के बाद 10.30 बजे आगे बढ़ेगी। ट्रेन 12:15 बजे नागपुर पहुंचेगी।