Dec 12, 2022
भोपाल। राज्य में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस ने अभी से सभी वर्गों पर फोकस कर करना शुरू कर दिया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने सोमवार को पुलिसकर्मियों के लिए साप्ताहिक अवकाश योजना लागू करने की घोषणा की। इससे पहले वे पुरानी पेंशन बहाल करने, किसानों के लिए कर्जमाफी योजना लागू करने की बात कर चुके हैं।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा आगामी विधानसभा चुनाव के लिए वचन पत्र तैयार किया जा रहा है। विधानसभा के पूर्व डिप्टी स्पीकर राजेंद्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में एक कमेटी का गठन किया गया है। समिति ने कर्मचारी संघों से उनका रुख पता किया है। उद्योगपतियों, किसानों, युवाओं, महिलाओं, अनुसूचित जाति व अन्य पिछड़ा वर्ग सहित अन्य क्षेत्रों में कार्यरत संगठनों व बुद्धिजीवियों से संवाद किया जा रहा है।
2018 के चुनाव से पहले जो वचन पत्र जारी किए गए थे और सरकार गिरने के कारण पूरे नहीं हो पाए थे, उन्हें भी 2023 के संकल्प पत्र में शामिल किया जाएगा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ का कहना है कि शिवराज सरकार ने कांग्रेस के समय लागू कर्जमाफी योजना को बंद कर दिया है। हमने 27 लाख किसानों का कर्ज माफ किया। बाकी किसानों की सरकार आने पर कर्जमाफी की जाएगी। इसी तरह पुलिसकर्मियों के लिए साप्ताहिक अवकाश योजना लागू की गई थी, जिसे शिवराज सरकार ने बंद कर दिया था। सरकार में आने के बाद पार्टी इसे लागू भी करेगी।
वर्ष 2005 के बाद भर्ती हुए अधिकारी-कर्मचारियों को पुरानी पेंशन का लाभ दिया जाएगा। इसका भी प्रावधान होगा। प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष केके मिश्रा का कहना है कि प्रदेश की जनता को भी स्वास्थ्य का अधिकार दिया जाएगा। कमलनाथ सरकार में इसकी तैयारी शुरू हो गई थी, लेकिन बीजेपी ने चुनी हुई सरकार को गिराने की साजिश रची। सरकार आने पर पार्टी द्वारा किए गए वादे पूरे किए जाएंगे।
वहीं कमलनाथ द्वारा एक के बाद एक किए जा रहे वादों को लेकर प्रदेश के गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा का कहना है कि काठ की हांड़ी बार बार नहीं चढ़ती। उन्होंने कहा कि, दस दिनों के भीतर किसानों का दो लाख रुपये तक का कर्ज माफ करने का वादा किया था, लेकिन हुआ क्या, यह सभी जानते हैं। एक भी बेटी को 51 हजार रुपये की आर्थिक सहायता नहीं दी गई है। भाजपा सरकार द्वारा चलाई जा रही सभी कल्याणकारी योजनाओं को बंद कर दिया गया। अब लोग इनके झांसे में आने वाले नहीं हैं।