Loading...
अभी-अभी:

शिल्पा शेट्टी के पति राज कुंद्रा को मुंबई पुलिस ने किया गिरफ्तार, अश्लील फिल्में बनाने का आरोप

image

Jul 20, 2021

पोर्न मूवीज बनाने के मामले में मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने बॉलीवुड एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी के पति और बिजनेसमैन राज कुंद्रा को सोमवार देर रात गिरफ्तार किया था। अब पुलिस ने राज कुंद्रा के साथी रयान थारप को भी मुंबई के नेरुल इलाके से गिरफ्तार कर लिया है। सूत्रों के मुताबिक, पुलिस राज कुंद्रा को आज कोर्ट में पेश करेगी। उन्हें सुबह 4:00 बजे मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच के ऑफिस से मेडिकल जांच के लिए जेजे अस्पताल ले जाया गया था।

इस मामले में कुंद्रा समेत 11 लोग गिरफ्तार

मुंबई पुलिस कमिश्नर हेमंत नागराले का कहना है कि राज कुंद्रा इस मामले में मुख्य साजिशकर्ता हैं और हमारे पास उनके खिलाफ पुख्ता सबूत हैं और उन्हें गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। इससे पहले राज कुंद्रा को क्राइम ब्रांच ने पूछताछ के लिए बुलाया था। बताया गया कि क्राइम ब्रांच की प्रॉपर्टी सेल उनसे पूछताछ कर रही है। हालांकि, गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने पोर्न मामले का खुलासा किया। इस मामले में अब कुंद्रा समेत 11 लोग गिरफ्तार किए जा चुके हैं। सोमवार रात 9 बजे राज कुंद्रा पूछताछ के लिए मुंबई के भायखला स्थित क्राइम ब्रांच दफ्तर पहुंचे थे। इसके बाद सोमवार रात करीब 11:00 बजे 2 घंटे की पूछताछ के बाद राज कुंद्रा को क्राइम ब्रांच के अधिकारियों ने गिरफ्तार कर लिया।

कुंद्रा ने अपनी पोर्न कंपनी में 10 करोड़ रुपए इंवेस्ट किए

मुंबई क्राइम ब्रांच के मुताबिक, राज के खिलाफ इसी साल फरवरी में केस दर्ज किया गया था। राज कुंद्रा ने पोर्न फिल्म इंडस्ट्री में 8 से 10 करोड़ रुपए का निवेश किया था। राज कुंद्रा और उनके ब्रिटेन में रह रहे भाई ने वहीं केनरिन नाम की एक कंपनी बनाई। फिल्मों के वीडियो भारत में शूट किए गए थे और वी ट्रांसफर (ये एक फाइल ट्रांसफर सर्विस है) के जरिए उन्हें केनरिन को भेजा गया। ये कंपनी राज कुंद्रा ने ही बनाई और विदेश में रजिस्ट्रेशन करवाया ताकि भारत के साइबर लॉ से बच सकें।

ऐसे सामने आया मामला

मुंबई पुलिस ने फरवरी में एक्ट्रेस गहना वशिष्ठ सहित 6 लोगों को गिरफ्तार किया था। बाद में तीन और लोगों की गिरफ्तारी हुई थी। इसके बाद मामले में दो FIR दर्ज की गई। बताया जा रहा है कि कथित तौर पर ऐक्टर्स को अश्लील फिल्म के लिए न्यूड सीन शूट करने के लिए मजबूर करने के आरोप में पुलिस ने ये कार्रवाई की थी।

तब ये भी बात सामने आई थी कि शूट की गई फिल्मों को पेड मोबाइल एप्लिकेशन पर रिलीज किया गया था। इसके बाद पुलिस ने हाल ही में मामले से जुड़े एक और शख्स उमेश कामत को गिरफ्तार किया था। कामत की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को बड़ी लीड मिली और पोर्न फिल्मों के इस रैकेट में राज कुंद्रा का संबंध सामने आया। ​​​​​​