Jun 26, 2017
इंदौर : पारिवारिक विवाद के चलते कल छोटे भाई ने बड़े भाई की पत्थर मार- मारकर हत्या कर दी हैं। बड़े भाई की हत्या कर छोटा भाई पत्नी सहित फरार हो गया। मृतक की पत्नी की सूचना पर बेटमा पुलिस तुरन्त हरकत में आई और मौके पर पहुंची। ढाई किलोमीटर पीछा करके हत्या के आरोपी को धरदबोचा औऱ गिरफ्तार किया।
देपालपुर रोड बेटमा पारदी टापरा पर रहने वाले छोटे भाई बादल पारदी ने सोमवार को बड़े भाई तूफान पिता भीमसिंह पारदी की हत्या कर दी हैं। मृतक की पत्नी करुणा ने बेटमा पुलिस थाने जाकर शिकायत की और बताया कि पति तूफान की हत्या कर देवर बादल भाग गया हैं। सूचना मिलते ही बेटमा पुलिस जीप लेकर घटना स्थल पर पहुंची। जहां घटना स्थल से पत्नी के साथ आरोपी के फरार होने की जानकारी मिली कि दोनों सनावदा गांव की ओर भागे हैं। आरोपी जिस ओर भाग रहे थे उस ओर जीप जाने का रास्ता नहीं था जिसके बाद जांबाज प्रधान आरक्षक श्रवण दरबार ने पीछे से आ रहे मोटर सायकिल चालक को रोक कर उसकी बाइक ली और एएसआई सुरेश मेहता को पीछे बैठाकर खेत व पगडंडी के रास्ते निकल पड़े और करीब ढाई किलो मीटर दूर पुलिया के नीचे छिप गये।
पुलिस को अपनी ओर आता देख पुलिस से बचने के लिए आरोपी दौड़ने लगा। जिस ओर आरोपी भाग रहा था, उस ओर मोटर सायकिल नहीं जा पा रही थी, पुलिस वाहन को छोड़ पुलिया से कूद कर दौड़ने लगी और आरोपी को धर दबोचा। इस दौरान हत्या के आरोपी ने भागने की पूरी कोशिश की। लेकिन पुलिस की तगड़ी पकड़ के चलते वह कामयाब नहीं हो सका। पुलिस आरोपी को पकड़ कर बेटमा थाने पहुंची। आरोपी से घटना के बारे में जानकारी लेकर गिरफ्तार किया। वही दूसरी ओर पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्ट मार्टम के लिए बेटमा सरकारी अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई हैं।








