Mar 27, 2023
भोपाल. मध्य प्रदेश के लिए एक बड़ी खबर है। प्रदेश की पहली वंदे भारत एक्सप्रेस अब इंदौर के बजाय भोपाल से चलेगी। रेल मंत्रालय इस ट्रेन को रानी कमलापति स्टेशन से नई दिल्ली के बीच चलाएगा । मंत्रालय ने इसका शिड्यूल फाइनल कर लिया है। प्रधानमंत्री कार्यालय ने पश्चिम-मध्य रेलवे जोन और भोपाल मंडल के अधिकारियों को इन ट्रेनों के संचालन की तैयारी करने के निर्देश दिए हैं। इस ट्रेन के चलने से शताब्दी पर कोई असर नहीं पड़ेगा।शताब्दी अपने समय पर चलती रहेगी। वंदे भारत ट्रेन का किराया शताब्दी से 10 फीसदी ज्यादा हो सकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 1 अप्रैल को भोपाल में ट्रेन को हरी झंडी दिखा सकते हैं।जानकारी के मुताबिक, रानी कमलापति स्टेशन से नई दिल्ली तक हफ्ते में 6 दिन वंदे भारत चलाई जाएगी। इस रूट पर शनिवार को ट्रेन नहीं चलेगी। दरअसल, शनिवार को वंदे भारत ट्रेन का मेंटेनेंस किया जाएगा। बताया जा रहा है कि रेल मंत्रालय जबलपुर और इंदौर के बीच भी वंदे भारत ट्रेन की शुरुवात कर सकता है।
शताब्दी पर नहीं पड़ेगा असर , पहले माना जा रहा था कि वंदे भारत शुरू होने के साथ ही शताब्दी बंद हो जाएगी। लेकिन, अब ऐसा नहीं होगा। दोनों ट्रेनें अपने-अपने समय पर चलेंगी। शताब्दी एक्सप्रेस सुबह नई दिल्ली से चलती है और दोपहर में रानी कमलापति स्टेशन पहुंचती है। फिर, रानी कमलापति स्टेशन से प्रस्थान करती है और रात में नई दिल्ली पहुंचती है। जबकि वंदे भारत सुबह कमलापति रेलवे स्टेशन से रवाना होकर दोपहर में नई दिल्ली पहुंचेगी। एक घंटे के ठहराव के बाद दोपहर में फिर से नई दिल्ली से रवाना होगी और रात में कमलापति रेलवे स्टेशन पहुंचेगी ।