Dec 12, 2016
भोपाल। एलटीटी-गोरखपुर एक्सप्रेस के यात्रियों में उस समय खुशी की लहर छा गई जब एक महिला ने शिशु को जन्म दिया। वह जनरल कोच में सफर कर रही थी। ट्रेन रात दो बजे भोपाल स्टेशन पर पहुंच गई थी। इस दौरान रेलवे के कर्मचारियों ने पहले रेलवे अस्पताल को सूचना दी। लेकिन, यहां से न तो कोई डॉक्टर आया और न ही एंबुलेंस।
इसके बाद कुछ यात्रियों ने जननी एक्सप्रेस को कॉल किया। इस बीच महिला ठंड में दो नंबर प्लेटफार्म पर ही नवजात के साथ बैठी रही। बाद में रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने सुबह करीब 6 बजे 108 एंबुलेंस से उसे सुल्तानिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। सुल्तानिया अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि प्रसूता व बच्चे की हालत ठीक है।
महिला का नाम सुमन (22) है। वह मुंबई से संत कबीर नगर (उप्र) जा रही थी। साथ में सफर कर रहे महिला के पति दुर्विजय कुमार ने बताया कि ट्रेन इटारसी के पहले थी तभी सुमन को हल्का दर्द होने लगा था, लेकिन डिलीवरी के लिए एक महीने अभी बाकी था। इसलिए उसे लगा सामान्य दर्द होगा। होशंगाबाद के बाद से दर्द बढ़ गया था।
महिला ने होशंगाबाद से भोपाल के बीच ट्रेन में बाथरूम के पास बच्चे को जन्म दिया। दुर्विजय ने बताया कि ट्रेन में डिब्बे में काफी भीड़ थी, लेकिन लोगों ने काफी मदद की। जगह खाली की। किसी ने बिछाने के लिए एक फ्लैक्स दिया तो किसी ने ओढ़ने के लिए कपड़ा। ट्रेन भोपाल स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो पर पहुंची तो महिला को उतारा गया।








