Aug 29, 2016
इंदौर। राष्ट्र में चिंताजनक हालात है। अच्छे दिन का जो सपना मोदी सरकार द्वारा दिखाया गया था वो अब झूठा साबित हो रहा है। देश में जो मायाजाल था वो अब ध्वस्त हो गया है । महंगाई देश में बढ़ती जा रही है। यह बात कांग्रेस नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इंदौर में प्रेस से मुलाकात करते हुए कही।
सिंधिया ने पत्रकारों से संवाद करते हुए कहा कि आज देश के हालात खराब है। केन्द्र की विदेश नीति भी फेल हो गई है। कश्मीर मुद्दे पर केंद्र सरकार पूरी तरह असफल नजर आती है। यह सरकार चीन और पाकिस्तान का सामना नहीं कर पा रही है।
कश्मीर पर काला दिवस पकिस्तान असेम्बली में पारित हुआ यह शर्मनाक है। मैंने स्वयं संसद में कश्मीर का मुद्दा उठाया है। प्रधानमंत्री की चुप्पी देश वासियों को चुभ रही है। सिंधिया ने कहा जन्मदिन की बधाई देने में आगे रहने वाले प्रधानमंत्री देश के जवलंत मुद्दों क्यों चुप है।
प्रदेश सरकार को घेरते हुए ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा धर्म की बात करने वाली सरकार ने सिंहस्थ में भ्रष्टाचार के तमाम आयाम तोड़ दिए। प्रदेश की प्रकृतिक आपदाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए सिंधिया ने कहा सरकार को आगे आकर मदद करना चाहिए। डिजास्टर मैनेजमेंट में सरकार फेल हो गयी है।
उन्होंने ऑलंपिक में पदक विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि खिलाड़ियों को अधो सरंचना के साथ साथ अच्छे कोच देना होंगे तब जाकर हम कामियाब होंगे। खेलों को अफसरशाही से आज़ादी दिलाना होगा। परमिशन के लिए चार चार चक्कर लगाना पड़ते है। उसे आसान करना होगा मैं सरकार से सकारात्मक अपील करना चाहूँगा। मै कहना चाहूँगा कि हम साथ है।