Mar 28, 2023
ग्वालियर में दस गुना बड़ी सेंध लगाने की कोशिश में दिग्विजय !
भोपाल। कांग्रेस और भाजपा के बीच विधानसभा चुनाव के पहले भी एक मुकाबला शुरू हो गया है। यह है नेताओं के दलबदल कराने का। हाल में राजगढ़ में खांटी दिग्विजय सिंह समर्थक परिवार द्वारा भाजपा का दामन थाम लेने के पहले अशोकनगर में प्रभावी भाजपा नेता यादवेंद्र सिंह के कांग्रेस में जाने की घटना इस मुकाबले की बानगी है। अब दिग्विजय सिंह ने यह कहकर सनसनी घोल दी है कि वे ग्वालियर में राजगढ़ से दस गुना बड़ी सेंध लगाने वाले हैं। ऐसे में दोनों दलों के भीतर यह उत्सुकता है। कि भाजपा का कौन नेता इस वक्त कांग्रेस के करीब आ रहा है।
ग्वालियर व चंबल इलाके में अपनी पकड़ साबित करने में दिग्विजय सिंह और ज्योतिरादित्य सिंधिया को खासी मशक्क्त करना होगी। दोनों यह कर भी रहे हैं। करीब छह महीने पहले सिंधिया ने पहली बार दिग्विजय के गृहनगर राघौगढ़ में राजनीतिक जलसा किया था। इसमें दिग्विजय के सबसे पुराने समर्थक व विधायक रहे स्व मूल सिंह के बेटे व कई समर्थकों ने भाजपा का दामन थाम लिया था। यह शुरूआत तभी हो गई थी।
अब हाल में जब सिंधिया के संसदीय क्षेत्र रहे अशोकनगर में भाजपा से विधायक रहे स्व राव देशराज सिंह के बेटे व जिला पंचायत सदस्य यादवेंद्र सिंह ने कांग्रेस का दामन थामा तो सिंधिया खेमे ने हाल में गुलाब सिंह व मोना सुस्तानी को भाजपा में शामिल कराकर जवाब दे दिया। सूत्रों का कहना है कि आगामी विस चुनाव का संघर्ष कांग्रेस और भाजपा के साथ ही दिग्विजय सिंह खेमा व ज्योतिरादित्य खेमे के बीच भी काफी धारदार होगा। इसी अंचल के दोनों दलों के नेताओं के दलबदल भी ज्यादा होने के आसार हैं।
मोना के जाने पर हैरत में हैं दिग्विजय
माना जा रहा है कि मोना सुस्तानी के भाजपा में जाने पर दिग्विजय काफी हैरत में हैं। गत दिवस जब वे ग्वालियर पहुंचे तो यह हैरत व परेशानी छिपा भी नहीं सके। उन्होंने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुलाब सिंह और मोना सुस्तानी ने भाजपा की सदस्यता पर कह भी दिया कि गुलाब सिंह हमारे वरिष्ठ व पुराने नेता रहे हैं। मोना सुस्तानी महिला कांग्रेस की सदस्य रही हैं और राजगढ़ से उम्मीदवार भी रहीं हैं। मेरे समझ नहीं आया कि उन्होंने ऐसा क्यों किया। मोना तो ऑस्ट्रेलिया गई थीं वहां से लौटकर उन्होंने बात भी नहीं की । दिग्विजय का कहना है कि यदि मोना के मन में कोई बात थी तो उन्हे बात करना चाहिये थी। इसके साथ सिंह यह भी बोल गये कि मैं राजगढ से दस गुना बड़ी सेंध मैं लगाने ग्वालियर आया हूं, देखते रहिये ।