Loading...
अभी-अभी:

नई रफ्तार, नया भोपाल: मेट्रो की पटरी पर दौड़ी राजधानी, सपनों को मिला पंख

image

Dec 20, 2025

नई रफ्तार, नया भोपाल: मेट्रो की पटरी पर दौड़ी राजधानी, सपनों को मिला पंख

भोपाल ने आज अपने विकास इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ लिया। वर्षों के इंतजार के बाद राजधानी की सड़कों के नीचे दौड़ती मेट्रो ने शहर को आधुनिक शहरी पहचान दे दी है। हरी झंडी के साथ मेट्रो की औपचारिक शुरुआत हुई और भोपाल अब आधिकारिक तौर पर मेट्रो सिटी की श्रेणी में आ गया है। यह सिर्फ एक परिवहन सेवा नहीं, बल्कि भविष्य की ओर बढ़ता बड़ा कदम है।

 सुभाष नगर से एम्स तक मेट्रो ने तय किया पहला सफर

भोपाल मेट्रो ने सुभाष नगर से एम्स तक 6.22 किलोमीटर लंबे प्राथमिक कॉरिडोर पर अपनी रफ्तार दिखाई। इस रूट पर कुल 8 स्टेशन शामिल हैं, जिन्हें अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है। मेट्रो का यह हिस्सा शहर के महत्वपूर्ण इलाकों को जोड़ते हुए यात्रियों को तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक सफर का अनुभव देगा।

मिंटो हॉल में हुआ कार्यक्रम, कई दिग्गज रहे मौजूद

मेट्रो की शुरुआत के अवसर पर कुशाभाऊ ठाकरे अंतरराष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव समेत राज्य सरकार के कई वरिष्ठ मंत्री और जनप्रतिनिधि शामिल हुए। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का रिकॉर्डेड संदेश भी प्रदर्शित किया गया, जिसने कार्यक्रम को विशेष बना दिया।

 स्टेशनों पर दिखी रौनक, रातभर चली तैयारियां

मेट्रो संचालन से पहले सभी आठ स्टेशनों पर देर रात तक तैयारियां होती रहीं। स्टेशनों को फूलों और रोशनी से सजाया गया, जिससे पूरे रूट पर उत्सव जैसा माहौल नजर आया। तकनीकी जांच और सुरक्षा मानकों को अंतिम रूप दिया गया।

 कल से आम यात्रियों के लिए खुलेगा सफर

मेट्रो के शुरू होने के साथ ही भोपालवासियों में खासा उत्साह है। अब शहरवासियों को ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी और रोजमर्रा का सफर आसान होगा। मेट्रो को भोपाल के शहरी विकास की नई रीढ़ के रूप में देखा जा रहा है।

Report By:
Monika