Aug 27, 2016
भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सांसद नंदकुमार सिंह चौहान ने कहा है कि कांग्रेस के मिथ्या दोषारोपण का अदालत में राहुल गांधी के शपथ पत्र ने इस पार्टी का मुखौटा उतार दिया है।
उन्होने आज यहां एक बयान में कहा कि परिबाद में राहुल गांधी ने जो बयान दिया कि वे अपने बयान पर अक्षरशः कायम है, वास्तव में राजनीतिक भ्रम उत्पन्न करने का प्रयास है, हमें विश्वास है कि अदालत इसका संज्ञान लेगी। उन्होंने कहा कि नीति और नैतिकता का तकाजा है कि कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी अपनी सस्ती लोकप्रियता के लिए झूठ का सहारा लेना बंद करें।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि राहुल गांधी ने अदालत में जो शपथपत्र प्रस्तुत करते हुए कहा उस पर कांग्रेस को राजनीतिक नैतिकता और शुचिता के हित में कायम रखना चाहिए। कांग्रेसी, राहुल के शपथपत्र पर कायम रहेंगे.. इस बात की शपथ लेना चाहिए। राहुल गांधी ने अदालत में कहा है कि उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ को महात्मा गांधी का हत्यारा नहीं कहा।
उन्होने कहा कि सीधी सी बात है कि देश में दलितों के दमन और शोषण में कितने कांग्रेसी जुड़े हुए है, लेकिन क्या कभी कांग्रेस के सिर पर इसका ठीकरा फोड़ा गया है। क्या कांग्रेस से जुड़े व्यक्ति के अपराधिक कृत्य के लिए कांग्रेस को दोषी ठहराया गया। हरियाणा में कांग्रेसी शासन में हरिजनों की बसाहटों को जलाया गया, फिर कांग्रेस एक ही 'तोता रट' लगाकर तुष्टीकरण को अपनी पूंजी क्यों बनाती रही, जबकि अदालत और आयोग ने कभी पार्टी अथवा संगठन को न तो दोषी ठहराया और न हिरासत में लिए गए कार्यकर्ताओं को अभियुक्त बनाया। बल्कि उनकी ससम्मान हिरासत से रिहाई करा दी गई।