Loading...
अभी-अभी:

रायसेन में पुल ढहा, बहन की विदाई से लौट रहे युवक की मौत, हाईवे बंद

image

Dec 2, 2025

रायसेन में पुल ढहा, बहन की विदाई से लौट रहे युवक की मौत, हाईवे बंद

रायसेन। बरेली-पिपरिया स्टेट हाईवे पर नयागांव के पास सोमवार को अचानक एक पुल भरभराकर ढह गया। हादसे में दो बाइक्स गिरीं, जिन पर सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। भोपाल एम्स में इलाज के दौरान 35 वर्षीय देवेंद्र सिंह धाकड़ ने दम तोड़ दिया। वह रविवार को अपनी बहन की शादी के बाद विदाई कराकर गांव धोखेड़ा लौट रहे थे।

हादसे का पूरा विवरण

सोमवार दोपहर करीब ढाई बजे पुल का एक बड़ा हिस्सा अचानक गिर गया। उस समय पुल पर दो मोटरसाइकिल सवार गुजर रहे थे। दोनों बाइक्स नीचे खाई में जा गिरीं। हादसे में देवेंद्र सिंह धाकड़ के अलावा जगदीश केवट, महेश केवट, देवेंद्र लोधी और एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी के सिर, हाथ-पैर में गहरी चोटें आई हैं। घायलों को पहले बरेली अस्पताल और फिर भोपाल एम्स रेफर किया गया, जहां देवेंद्र की मौत हो गई।

मजदूरों ने दौड़कर बचाई जान

पुल के नीचे मरम्मत का काम चल रहा था। छह मजदूर वहां मौजूद थे। जैसे ही पुल गिरना शुरू हुआ, पांच मजदूर दौड़कर सुरक्षित स्थान पर पहुंच गए, लेकिन एक मजदूर मलबे की चपेट में आ गया और घायल हो गया।

लापरवाही पर कार्रवाई, हाईवे बंद

घटना के लिए जिम्मेदार एमपीआरडीसी के प्रबंधक ए.ए. खान को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। वर्तमान व पूर्व संभागीय प्रबंधकों व सहायक महाप्रबंधकों को कारण बताओ नोटिस जारी हुआ है। मुख्य अभियंता गोपाल सिंह की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय जांच समिति बनाई गई है, जो सात दिन में रिपोर्ट देगी। पूरी तरह क्षतिग्रस्त पुल के कारण बरेली-रायसेन-पिपरिया हाईवे पूरी तरह बंद कर दिया गया है। फिलहाल पुरानी पुलिया व ह्यूम पाइप से अस्थायी डायवर्जन बनाया जा रहा है।

Report By:
Monika