Aug 23, 2022
केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र टेनी के विवादित बयान पर BKU के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत का पलटवार आया है। उन्होंने कहा है कि बेटा जेल में होगा तो आदमी को गुस्सा आएगा ही। उन्होंने कहा कि टेनी के इन्हीं बयानों के कारण उनका बेटा जेल में बंद है। वहीं राष्ट्रीय लोकदल के प्रमुख चौधरी जयंत सिंह ने भी इस विवाद में छलांग लगा दी है। उन्होंने भी ट्वीट कर अजय मिश्र के बयान पर टिप्पणी दी है। गौरतलब है कि अजय मिश्र ने सोमवार को लखीमपुर अपने समर्थकों के सामने राकेश टिकैत को दो कौड़ी का आदमी बताया था। इसका वीडियो काफी वायरल हो रहा है।
अजय मिश्र 120 बी के मुज्लिम
भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि, "हम तो छोटे आदमी हैं, वो होगा बड़ा। विवादित बयानों पर हमें नहीं जाना है। हम धरती से जुड़े आदमी हैं और धरती पर रह कर ही काम करेंगे। मंत्री जी बयान तो देंगे ही क्योंकि वह खुद 120बी के मुज्लिम हैं और आदमी को गुस्सा तो आएगा ही, उसका लड़का पिछले एक साल से जेल में बंद है। उनके घर में भी लड़ाई हो रही है।" राकेश टिकैत ने कहा कि, "मंत्री अजय टेनी के विवादित बयान से ही पहला मामला हुआ था और अब फिर से वह विवादित बयानबाजी कर रहे हैं। हमने तो पहले ही दिन कहा था कि जो गलत आदमी हो उस से 21 फीट की दूरी पर चलना चाहिए। हम तो गलत आदमी के नजदीक भी नहीं जाते।"
टेनी को जिला बदर की मांग
राकेश टिकैत ने कहा कि,"लखीमपुर खीरी में गुंडाराज है। जिले में दहशत है। ये लोगों को डराने धमकाने का काम करते हैं। इससे जांच में भी दिक्कत आती है। इस बार हम 3 दिन लखीमपुर खीरी में रहे हैं। अगली बार 13 दिन रह लेंगे। इनकी दहशत के चलते लखीमपुर खीरी कांड प्रभावित हो रहा है। कोर्ट और पुलिस को अपना काम करना चाहिए। मंत्री टेनी को भी जिला या स्टेट बदर करना चाहिए।"
जयंत चौधरी की टिप्पणी
अब इस कंट्रोवर्सी पर लोकदल प्रमुख चौधरी जयंत सिंह ने भी अपनी टिप्पणी दे दी है। उन्होंने अपने ट्विटर पर अजय मिश्र के विवादित बयान का वीडियो पोस्ट कर लिखा कि केंद्र सरकार के मंत्री, अभद्र बोल से अपनी परवरिश, सोच और कार्यशैली प्रदर्शित कर रहे हैं।