Loading...
अभी-अभी:

डिवाइडर पर बैठीं थीं आंदोलनकारी महिलायें, तेज रफ्तार ट्रक ने कुचला !

image

Oct 28, 2021

हरियाणा के बहादुरगढ़ में आज सुबह एक बड़ा हादसा हो गया है। जानकारी के मुताबिक यहाँ एक तेज रफ्तार ट्रक ने महिला किसान प्रदर्शनकारियों को कुचल दिया है। केवल यही नहीं बल्कि इससे तीन बुजुर्ग महिलाओं की मौत हो गई और तीन की हालत अब भी गंभीर बताई जा रही है। बता दें कि, इस मामले में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच भी शुरू कर दी है। बताया जा रहा है यह हादसा सुबह साढ़े 6 बजे के करीब झज्जर रोड पर हुआ। खबरों के अनुसार बुजुर्ग महिलाएं डिवाइडर पर बैठी हुई थीं, लेकिन उसी बीच अचानक उनके ऊपर एक तेज रफ्तार ट्रक आकर चढ़ गया।

तीन महिलाओं की मौत
ऐसा होने के चलते दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। इस मामले में तीन महिलाओं की हालत गंभीर बताई जा रही है। बताया जा रहा है यह महिलाएं किसान आंदोलन में शामिल थीं। इस हादसे में जान गंवाने वालीं तीनों महिलाएं पंजाब के मानसा जिले की रहने वालीं हैं। ऐसा भी बताया जा रहा है कि सुबह-सुबह महिलाएं घर जाने के लिए ऑटो के इंतजार में डिवाइडर पर बैठी हुई थीं। उसी बीच झज्जर रोड पर फ्लाइओवर के नीचे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें कुचल दिया।

कृषि आंदोलन से जुड़ी थीं ये महिलायें
इस हादसे के बाद इलाके में सनसनी फ़ैल गई और मौके पर पुलिस पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों के खिलाफ नवंबर 2020 से दिल्ली बॉर्डर पर किसानों का आंदोलन चल रहा है। इसी आंदोलन से तीनों महिलाएं भी जुड़ी थीं और यह महिलाएं रोटेशन के तहत अपने घर जाने वाली थीं, लेकिन उससे पहले ही मौत ने उन्हें गले लगा लिया।