Sep 5, 2022
भारतीय अर्थव्यवस्था दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गई है। इस पर सियासी बयानबाजी भी शुरू हो गई है। तमाम लोग इस पर अपनी राय रख रहे हैं। अब इस सूची में बसपा सुप्रीमो मायावती का नाम भी शामिल हो गया है। मायावती ने सोशल मीडिया पर ट्वीट कर कहा कि, भारत का विश्व में पांचवी अर्थव्यवस्था बनना तब संतोषजनक होता जब 140 करोड़ गरीब लोगों के जीवन में आवश्यक सुधार हुआ होता। बता दें कि भारतीय अर्थव्यवस्था दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने के साथ सबसे तेजी से बढ़ने वाली इकोनॉमी भी बन गई है। इस मुकाम को हासिल करने की दौड़ में भारत ने ब्रिटेन को पीछे छोड़ा है।
लोगों की आय में वृद्धि नहीं- मायावती
मायावती ने अपने ट्वीट में लिखा कि, "भारत की अर्थव्यवस्था, ब्रिटेन को पीछे छोड़कर, विश्व में पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गई है। किन्तु यह संतोष की बात तब होती जब यहां के लगभग 140 करोड़ लोगों के गरीब जीवन में आवश्यक सुधार को प्रदर्शित करने वाले आंकड़े जैसे प्रति व्यक्ति आय में भी तुलनीय वृद्धि हुई होती।"
इसके आगे बसपा चीफ ने कहा कि,"ब्रिटेन के लोगों की प्रति व्यक्ति आय भारत के लोगों से करीब 20 गुना ज्यादा है। जिसकी बराबरी पाने पर ही देश की गरीबी, बेरोजगारी, अशिक्षा जैसी दुखद समस्याओं को दूर करने में मदद मिलेगी। देश की अधिकतर आबादी गरीबी और निम्न आय वर्ग में पिछड़ गई है। जिसकी सही चिंता बहुत ही जरूरी।"
11वें से 5वें स्थान का सफर
भारत विश्व की पांचवीं सबसे बड़ी इकोनॉमी बन गई है। इसके आगे अब अमेरिका, चीन, जापान, और जर्मनी जैसे बड़े देश हैं। इस मुकाम को भारत पहुंचने के लिए भारत ने ब्रिटेन को पछाड़ा है। ब्रिटेन में जहां अर्थव्यवस्था को कई मुश्किलों से गुजरना पड़ रहा है वहीं भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ने वाली इकोनॉमी में शामिल है। पिछले दस सालों में देश में जबरदस्त विकास हुआ है। एक दशक पहले भारत 11वें स्थान पर था, वहीं अब देश 5वें स्थान हासिल कर लिया है।