Jul 17, 2021
देश में बीते 24 घंटे में 41,277 नए मरीज मिले, 42,041 ठीक हुए और 517 की मौत हो गई। इस तरह एक्टिव केस यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में 1,299 की कमी आई। सबसे ज्यादा चिंता केरल बढ़ा रहा है। यहां बीते 5 दिन से एक्टिव केस में उछाल आ रहा है। शनिवार को यहां 16,148 मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। 13,197 ठीक हुए और 114 ने जान गंवाई। इस तरह एक्टिव केस में 2,837 की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
यह भी चिंता की बात है कि देश में कोरोना संक्रमण के नए केस पिछले 25 दिनों से लगभग स्थिर हैं। यानी जितने केस आ रहे हैं, उससे कुछ कम या ज्यादा मरीज ठीक भी हो रहे हैं। 23 जून को 54,309 केस आए थे। इस दिन 69 हजार से ज्यादा मरीज ठीक भी हुए थे। इसके बाद रोजाना मिल रहे मरीजों की संख्या 37 से 45 हजार के बीच बनी हुई है। लगभग इतने ही मरीज ठीक भी हो रहे हैं।
केरल और महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में एक बार फिर कोरोना वायरस का कहर शुरू हो गया है।
केरल
यहां शनिवार को 16,148 लोग संक्रमित पाए गए। 13,197 लोग ठीक हुए और 114 लोगों की मौत हो गई। यहां अब तक 31.46 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 30.06 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 15,269 लोगों की मौत हुई है। फिलहाल 1.24 लाख मरीजों का इलाज चल रहा है।
महाराष्ट्र
यहां शनिवार को 8,172 लोग संक्रमित पाए गए। 8,950 लोग ठीक हुए और 124 लोगों की मौत हो गई। यहां अब तक 62.05 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 59.74 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 1.26 लाख लोगों की मौत हुई है। फिलहाल 1 लाख मरीजों का इलाज चल रहा है।