Aug 23, 2022
उत्तराखंड में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने आज अपनी नई टीम का ऐलान कर दिया है। इस नई टीम में क्षेत्रीय व जातीय समीकरणों में संतुलन बनाने के साथ महिला और युवा चेहरों को आगे रखने की कोशिश की गई है। इसमें सबसे चौंकाने वाला नाम शशांक रावत का है। इस टीम में आठ प्रदेश मंत्री, तीन प्रदेश महामंत्री और आठ प्रदेश उपाध्यक्ष को जगह दी है। इसके अलावा एक कोषाध्यक्ष, एक सह कोषाध्यक्ष, एक कार्यालय सचिव, एक प्रदेश मीडिया प्रभारी, दो प्रदेश प्रकोष्ठ प्रभारी, विभाग प्रभारी और मोर्चा के अध्यक्षों के नाम भी शामिल हैं। बता दें कि नई प्रदेश की टीम का गठन बीजेपी के केंद्रीय नेतृत्व की मॉनिटरिंग में हुआ है।
सीएम धामी के पसंदीदा लोग शामिल
प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की इस टीम में 14 चेहरे कुमाऊं हैं, वहीं 13 लोग गढ़वाल से हैं। इसके अलावा सीएम पुष्कर सिंह धामी के पसंदीदा लोग टीम में शामिल किए गए हैं। इतना ही नहीं, सीएम धामी को जो लोग नापसंद थे उनकी छुट्टी हो गई है। इनमें सुरेश भट्ट और राजू भंडारी के नाम लिए जा सकते हैं। सूत्रों की मानें तो सीएम धामी और महामंत्री सुरेश भट्ट और राजू भंडारी में नहीं बनती।
इनके कार्यभार बड़े
नई टीम में तीनों महामंत्री बदल दिए गए हैं। इनमें ऊधम सिंह नगर से खिलेंद्र चौधरी, नैनीताल से राजेंद्र सिंह बिष्ट और टिहरी के आदित्य कोठारी को ज़िम्मेदारी दी गई है। एक महामंत्री कुलदीप कुमार को उपाध्यक्ष बनाया गया है। साथ ही उपाध्यक्ष पद पर भी बदलाव किया गया है। टीम में जिसे बड़ी जिम्मेदारियां मिली हैं उनमें बलवंत सिंह भौर्याल, कैलाश शर्मा, कुलदीप कुमार, कल्पना सैनी, नीरू देवी, मुकेश कोली, शैलेंद्र बिष्ट और देशराज कर्णवाल अहम हैं।
इनकी जिम्मेदारी में बदलाव
प्रदेश की नई BJP टीम में पुनीत मित्तल कोषाध्यक्ष और साकेत अग्रवाल सह कोषाध्यक्ष होंगे। प्रदेश मंत्री का जिम्मा मीना गंगोला, आदित्य चौहान, मीरा रतूड़ी, हेमा जोशी, लीलावती राणा, राकेश नैनवाल, गुरविंदर सिंह चंडोक और विकास शर्मा को दिया गया है। कौस्तुभ आनंद जोशी को प्रदेश कार्यालय सचिव और मनवीर चौहान को प्रदेश मीडिया प्रभारी पद पर बरकरार रखा गया है। पुष्कर काला और ऋषि कंडवाल को प्रदेश प्रकोष्ठ प्रभारी, अनिल शाही, रमेश गड़िया को विभाग प्रभारी का जिम्मा सौंपा गया है।
ये सबसे चौंकाने वाला नाम
इस टीम में सबसे चौंकाने वाला नाम शशांक रावत का रहा। रावत को प्रदेश युवा मोर्चा का अध्यक्ष बनाया गया है। बता दें कि शशांक पूर्व सांसद और BJP प्रदेश मंत्री रहे स्वर्गीय बची रावत के बेटे हैं। वो बीजेपी के कार्यक्रमों में काफी सक्रिय रहते हैं।
इनके साथ किसान मोर्चे में जोगेंद्र पुंडीर, अनुसूचित जाति मोर्चे में समीर आर्या, अनुसूचित जनजाति मोर्चे में राकेश राणा, अल्पसंख्यक मोर्चे में इंतजार हुसैन, महिला मोर्चे में आशा नौटियाल, ओबीसी मोर्चे में राकेश गिरी को प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है।