Dec 10, 2022
हिमाचल प्रदेश को नया मुख्यमंत्री मिल गया है। कांग्रेस हाईकमान ने सुखविंदर सिंह सुक्खू को मुख्यमंत्री बनाने का फैसला किया है। साथ ही प्रतिभा सिंह के समर्थक विधायक मुकेश अग्निहोत्री को डिप्टी सीएम बनाया जाएगा। इस पर कांग्रेस विधायक दल की बैठक में मुहर लग गई है। शपथ ग्रहण समारोह रविवार को सुबह 11 बजे होगा। विधायक दल की बैठक के बाद शाम सात बजे कांग्रेस नेता राज्यपाल से मिलेंगे और सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे।
प्रतिभा सिंह ने कहा कि हमने आलाकमान के फैसले को स्वीकार कर लिया है। वहीं, सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि वह आगे की चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार हैं। वे व्यवस्था बदलने के लिए सत्ता में आए हैं। हिमाचल को सुंदर, स्वच्छ और ईमानदार राज्य बनाएंगे। सुखविंदर काफी इमोशनल नजर आए।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष और सीएम पद की दौड़ में शामिल प्रतिभा सिंह के समर्थक सड़कों पर उतर आए। विधायक दल की बैठक के दौरान उन्होंने विधानसभा के बाहर नारेबाजी की। इससे पहले ये लोग एक होटल के बाहर भी पहुंचे, जहां केंद्रीय पर्यवेक्षक दावेदारों के साथ बैठक कर रहे थे। विधानसभा की बैठक में सुखविंदर सिंह सुक्खू, प्रतिभा सिंह, मुकेश अग्निहोत्री, विक्रमादित्य सिंह, पर्यवेक्षक भूपेश बघेल, भूपेंद्र सिंह हुड्डा, प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला भी पहुंचे।