Loading...
अभी-अभी:

डॉक्टरों पर हुए हमलों को लेकर IMA का विरोध प्रदर्शन, मोदी सरकार से की ये मांग

image

Jun 18, 2021

इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के डॉक्टर्स ने शुक्रवार को यानी आज पूरे देश में विरोध प्रदर्शन किया है, जिसमें डॉक्टरों के खिलाफ हो रही हिंसा से निपटने के लिए केंद्र सरकार द्वारा कानून बनाए जाने की मांग की जा रही है। दरअसल, हाल ही में विभिन्न राज्यों में डॉक्टरों पर हुए हमलों के खिलाफ IMA के ‘राष्ट्रीय प्रदर्शन दिवस’ के साथ एकजुटता दर्शाते हुए केरल में राज्यभर में आज डॉक्टरों ने विरोध प्रदर्शन किए और ‘योद्धाओं को बचाओ’ (सेव द सेवियर्स) के नारे लगाए। 

हाथ में तख्ती लेकर डॉक्टरों ने किया धरना प्रदर्शन
सरकारी और निजी क्षेत्रों के डॉक्टरों ने सचिवालय के सामने, यहां राज्य प्रशासनिक केंद्र और अस्पतालों के अलावा विभिन्न जिला मुख्यालयों पर धरना प्रदर्शन किया। सचिवालय के सामने डॉक्टर भी हाथ में तख्ती लिए दिखाई दिए। IMA के प्रदेश प्रमुख डॉ. पीटी जकैरियस, राज्य सचिव डॉ. पी गोपाकुमार और ‘केरल गवर्नमेंट मेडिकल ऑफिसर्स’ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. जीएस विजय कृष्णन भी यहां ‘जनरल हॉस्पिटल’ के सामने विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए।

डॉक्टरों की मांग अस्पतालों को विशेष संरक्षित केंद्र घोषित किया जाये...
कोरोना महामारी के संकटकाल में विरोध प्रदर्शन के कारण अस्पतालों का कामकाज प्रभावित ना हो, ये सुनिश्चित करने के लिए राज्य के प्रत्येक केंद्र पर सिर्फ पांच लोगों ने ही प्रदर्शन में हिस्सा लिया। इसलिए प्रदर्शन से अस्पतालों में ‘आउट पेशेंट’ (ओपी) या अन्य सेवाएं प्रभावित नहीं हुई। डॉक्टरों की मुख्य मांग अस्पतालों को ‘विशेष संरक्षित केंद्र’ घोषित करना है।