Jun 9, 2021
महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में मॉनसून की पहली बारिश की वजह से बुधवार की देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। इमारत ढहने से 11 लोगों के मौत और 8 लोगों के घायल होने की खबर मिल रही है। जिसके बाद रेस्क्यू ऑपरेशन में महिलाओं और बच्चों सहित 15 लोगों को बचा लिया गया है। हादसे में घायल हुए 7 लोगों को अस्पताल में भर्ती किया गया है।
भारी बारिश के कारण गिरी इमारत
बीएमसी की ओर से जानकारी दी गई है कि मलाड वेस्ट में एक चार मंजिला इमारत के गिरने के कारण यह हादसा हुआ है। प्रभावित इमारतों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित निकाला जा रहा है। बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त इमारत में फंसे लोगों को बचाने के लिए सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। घायलों को बीडीबीए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
बता दें कि भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मुंबई और उसके आसपास के इलाकों में बुधवार को दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के दस्तक देने की घोषणा की थी।